Pilibhit News: चुंगी माल गोदाम भवन का होगा जीर्णोद्धार
Pilibhit News: पीलीभीत में नगर पालिका परिषद की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जीर्ण भवन का जीर्णोद्धार, नाले से अतिक्रमण हटाने और ऑनलाइन सेवाओं के विकास जैसे मुद्दे पर सहमति बनी। बैठक में व्यापारियों के लिए सुविधाएं और करों की निगरानी पर भी निर्णय लिए गए।

Pilibhit News: पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शहर के विकास, राजस्व बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में बरसो से जीर्णशीर्ण पड़े चुंगी माल गोदाम स्थित पालिका भवन के जीर्णोद्धार, नाले पर हुए अतिक्रमण हटाने, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के करों की निगरानी कराने को लेकरे अहम निर्णय लिए गए। तय हुआ कि पालिका की अधिकारिक वेव साइट को विकसित कर अधिकतर सेवाएं ऑनलाइन कराई जाएं। टाउन हॉल में पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। ईओ संजीव कुमार ने पिछली बैठक की पुष्टि की। सभासद विपिन गंगवार ने चुंगी माल गोदाम स्थित पालिका भवन को दोबारा पालिका के कब्जे में लेकर उसका जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव रखा।
प्रस्ताव में भवन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित कर व्यापार मंडलों की बैठक, संगोष्ठी और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी बनाने की बात कही गई, जिसे बोर्ड ने मंजूरी दे दी। सभासद निर्मल सिंह ने गांधी स्टेडियम रोड से गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग तक नाले पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस पर संबंधित क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। सभासद अनस अंसारी ने बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, अस्पताल, होटल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के गृहकर व अन्य करों की नियमित निगरानी कराने का सुझाव दिया। बोर्ड ने इस पर आवश्यक कार्रवाई कराने पर सहमति जताई। इसके अलावा रामस्वरूप पार्क के पास फड़ विक्रेताओं को नियमानुसार स्थान आवंटित कर शुल्क वसूलने, नपा की आधिकारिक वेबसाइट विकसित करने तथा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, ऑनलाइन शिकायत और योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन पालिका संपत्तियों के आवंटन की अवधि समाप्त हो चुकी है या समाप्त होने वाली है, उनका पुनः आवंटन बोर्ड की स्वीकृति और नियमानुसार किया जाएगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष/सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य समेत सभासद मौजूद रहे।


