Pilibhit News: 11 क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क बिछाने का काम पूरा, लेने होंगे कनेक्शन
Pilibhit News: पीलीभीत के 11 इलाकों में पीएनजी पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने का काम पूरा हो गया है। कनेक्शन के लिए कृष्ण लोक और वसुंधरा कॉलोनियों में कैंप लगाए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से जल्द आवेदन करने की अपील की है। आदेश के अनुसार, पीएनजी उपलब्धता वाले क्षेत्रों में अधिकृत इकाई का संदेश मिलने के तीन महीने बाद एलपीजी आपूर्ति बंद हो सकती है।

Pilibhit News: पीलीभीत। जिले में पीएनजीबी (पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड) के जरिए शहरी नेटवर्क में लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। शहर के कुल 11 इलाकों में पीएनजी गैस कनेक्शन लेने के लिए दो अलग अलग कैंप आफिस खोल दिए गए हैं। अब उपभोक्ताओं को सुविधाजनक तरह से कनेक्शन लेने होंगे। ताकि भविष्य में एलपीजी पर निर्भरता खत्म हो। शहर में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएनजी) के अधीन पीएनजीआरबी द्वारा नेटवर्क के निर्माण और संचालन के लिए अधिकृत किया गया था। शहर में नगर पालिका परिषद, राजीव कालोनी, निरंजन कुंज, राजाबाग, संजय रायल पार्क, राम वाटिका, वसुंधरा, कृष्ण लोक, तिरूपति गोल्डन पार्क, अयोध्यापुरम, वल्लभ नगर में पीएनजी के लिए नेटवर्क बिछा दिया गया है।
पीएनजी कनेक्शन के लिए कृष्ण लोक कॉलोनी और वसुधरा कालोनी में पीएनजी कैंप लगाए गए हैं। यहां पहुंच कर संपर्क किया जा सकता है। जिन क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क हैं वहां 24 मार्च 2026 के आदेशों के क्रम में प्रावधान है कि किसी घर का पता ऐसे आवासीय क्षेत्र में है, जहां किसी प्राधिकृत इकाई ने पहले ही पाइपलाइन बिछा दी है अथवा वह ऐसे पते पर या आवासीय क्षेत्र के किसी साझा पते पर प्राकृतिक गैस की आपूर्ति स्थिति में है। तो प्राधिकृत इकाई द्वारा जारी किए गए संदेश की तारीख के तीन महीने में ऐसे पते पर एलपीजी आपूर्ति बंद हो जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी के मुताबिक भविष्य में एलपीजी कनेक्शन बन्द होने की स्थिति में पीएनजी के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। ताकि आने वाली समस्याओं से बचा जा सके। जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन नहीं है। उन क्षेत्रों में एलपीजी कनेक्शन ब्लाक हो गये हैं तो ऐसे कनेक्शनधारक पीएनजी के रजिस्ट्रेशन कैंप पर जाकर गैस कनेक्शन चालू करा सकते हैं।

