
गन्ना कृषक पीजी कॉलेज में किया निवेशक जागरूकता सेमिनार
Pilibhit News - नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने गन्ना कृषक पीजी कॉलेज में क्षेत्रीय निवेशक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। इसमें छात्रों को वित्तीय साक्षरता, निवेश के जोखिम और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। सीएस श्रुति शर्मा ने निवेश के सुरक्षित तरीकों और बाजार की पारदर्शिता पर चर्चा की।
पूरनपुर। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के तत्वावधान में गन्ना कृषक पीजी कॉलेज में क्षेत्रीय निवेशक जागरूकता सेमिनार (आरआईएसए) का आयोजन किया। सेमिनार में छात्रों व शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ-साथ निवेश से जुड़े जोखिमों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं सत्र संचालक सीएस श्रुति शर्मा, प्रभारी नियामक विभाग, एनएसई (उत्तर प्रदेश क्षेत्र) रहीं। स्वागत भाषण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों को निवेश संबंधी सही जानकारी देने, उन्हें धोखाधड़ी से बचाने और शेयर बाजार से जुड़ी फेक वेबसाइट्स के प्रति सचेत करने में सहायक हैं।
राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता अंकित गुप्ता ने कहा कि स्टॉक मार्केट और म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए ज्ञान आवश्यक है। कहां और कैसे निवेश करना है, इसकी समझ हर निवेशक के लिए जरूरी है। सीएस श्रुति शर्मा ने अपने 11 वर्षों से अधिक के अनुभव के आधार पर प्रतिभागियों को पूंजी बाजार की बुनियादी जानकारी, सुरक्षित निवेश पद्धतियां और निवेशक संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता से निवेशक विवेकपूर्ण निर्णय ले पाते हैं और बाजार में पारदर्शिता व विश्वास बना रहता है। सेमिनार में साइबर धोखाधड़ी से बचाव, व्यक्तिगत वित्त प्रबंधन, निवेश योजना, नियामकीय अनुपालन तथा निवेश से जुड़े जोखिमों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन संकाय समन्वयक डॉ. अरविंद दीक्षित ने प्रस्तुत किया। सेमिनार की व्यवस्थाएं समन्वयक तहमीना शमसी के निर्देशन में संपन्न हुईं, जबकि संचालन डॉ. पिन्दर सिंह ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




