जिला अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, पीलीभीत
share

Pilibhit News - पीलीभीत के कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर ग्रामीण कुंदन लाल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

जिला अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप

पीलीभीत। कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र के गांव बगवापुर निवासी एक मानसिक रूप से कमजोर ग्रामीण की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों के उपचार कार्य पर भी असर पड़ा। कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र के गांव बगवापुर निवासी कुंदन लाल गांव में ही मौजूद थे। इसी दौरान साइकिल पर सामान बेचने आए एक अज्ञात युवक से उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ ले लिया और उसे खा लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। घर पहुंचने पर उन्होंने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डाक्टरों ने समय रहते उचित उपचार नहीं दिया और इलाज में गंभीर लापरवाही बरती। जिसके चलते कुंदन लाल की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे तथा अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर शहर की ठेका चौकी प्रभारी मनवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सत्येंद्र कुमार भी पुलिस फोर्स लेकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रमाकांत सागर मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं सूचना मिलने पर बरखेड़ा के पूर्व विधायक किशन लाल वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाया। बाद में महिला थाना पुलिस भी अस्पताल आ गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने बताया परिजनों को समझाकर शांत कर दिया गया है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।