बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर मंथन, कई प्रस्ताव पास
Pilibhit News - पीलीभीत में नगर पालिका परिषद की बैठक में शहर की साफ-सफाई, जलापूर्ति और विकास कार्यों पर चर्चा हुई। बैठक में गन्ना राज्यमंत्री के प्रतिनिधि ने ब्लैक लिस्ट निर्माण एजेंसियों को राहत देने के प्रस्ताव का विरोध किया। शहर की सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया गया और पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने का प्रस्ताव पास किया गया।

पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता में पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, पथ प्रकाश व्यवस्था और निर्माण कार्यों समेत जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में चर्चा
पूर्व में ब्लैक लिस्ट निर्माण एजेंसियों को राहत देने के प्रस्ताव पर की गई चर्चा के दौरान गहमागहमी रही। गन्ना राज्यमंत्री के पालिका में नामित प्रतिनिधि राकेश सिंह ने विरोध जताया। कहा कि यह मामला तो कोर्ट में विचाराधीन है। बैठक में पालिकाध्यक्ष ने शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों से कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रस्तावों की मंजूरी
भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर शीतल जल प्याऊ लगाए जाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। वहीं शहर को हरित और सुंदर बनाने के उद्देश्य से पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने का प्रस्ताव भी पास किया गया। सभासदों ने इसे शहर के पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जरूरी कदम बताया। बैठक के दौरान पूर्व के कार्यों में अनियमितता मिलने पर तत्कालीन ईओ और एसडीएम द्वारा ब्लैकलिस्ट की गई चार फर्मों के मामले पर भी चर्चा हुई। संबंधित फर्मों की ओर से गलती स्वीकार कर माफी मांगे जाने पर बहुमत से उन्हें राहत देने के मसौदे पर बातचीत हुई। हालांकि कुछ सभासदों ने भविष्य में कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने की बात भी कही। बैठक में कर वसूली व्यवस्था को बेहतर बनाने और लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर भी चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष ने विकास कार्यों को प्राथमिकता से लेने की बात कही। बैठक में ईओ संजीव कुमार, सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, राशिद हुसैन, शैलेंद्र कौर, इक़बाल हजरत, अनस अंसारी, निज़ाक़त अली कादरी, जाहिदा बी, प्रतीक अग्रवाल समेत अन्य सभासद और अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण फर्मों का मामला
पूर्व में निर्माण गुणवत्ता में कमी के चलते चार निर्माण फर्म ब्लैक लिस्ट की गई थीं। इनका मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है। नियमों को तोड़ मरोड कर पालिका संचालित कराने का प्रयास किया जा रहा है। नियमों से विपरीत कुछ नहीं होने दिया जाएगा। डीएम और शासन तक बात रखेंगे। भाजपा हमेशा नियम और सिद्धांतों पर अडिग रहती है।
- राकेश सिंह, नगर पालिका में गन्ना राज्यमंत्री के प्रतिनिधि
हमने विधिक राय ली थी। जो फर्म ब्लैक लिस्ट की गई थीं, उन्होंने माफी मांग ली है। यह फर्मे बाकी जगह भी काम नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में सभासदों ने बहुमत से दस्तखत कर दिए हैं।
- डा.आस्था अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


