389 नव आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में भरी दमदार हुंकार

Newswrap हिन्दुस्तान, पीलीभीत
Follow us on Google News
share

पीलीभीत में रविवार को 389 नवप्रशिक्षित आरक्षियों का दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड समारोह आयोजित हुआ। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जवानों को सेवा और जिम्मेदारी का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। नव आरक्षियों को जिले के विभिन्न थानों में तैनात करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

389 नव आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में भरी दमदार हुंकार

पीलीभीत। कड़ी मेहनत, कठिन प्रशिक्षण और वर्षों के इंतजार के बाद रविवार का दिन 389 नवप्रशिक्षित आरक्षियों के लिए यादगार बन गया। पीलीभीत पुलिस लाइन में आयोजित भव्य दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड समारोह में इन प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, आत्मविश्वास और शानदार कदमताल के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार में औपचारिक प्रवेश किया। समारोह में उत्साह, गर्व और भावुकता का अनोखा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां परेड मैदान में जवानों का जोश दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर परिजन अपने बेटे-बेटियों को वर्दी में देखकर गौरवान्वित नजर आए। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया और नव आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण के साथ सेवा करने का संदेश दिया।

पुलिस लाइन में रविवार सुबह आयोजित पासिंग आउट परेड समारोह गरिमा और अनुशासन का प्रतीक बन गया। प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके 389 रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव को सलामी दी। परेड की शुरुआत मान प्रणाम से हुई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने टुकड़ियों का निरीक्षण कर जवानों की सज्जा, अनुशासन और एकरूपता का अवलोकन किया। इसके बाद 14 टोलियों ने सटीक कदमताल, समन्वय और समयबद्ध प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। मैदान में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवानों का उत्साह बढ़ाया। रिक्रूट आरक्षियों ने 21 जुलाई 2025 से प्रशिक्षण शुरू किया था। प्रशिक्षण निदेशालय के दिशा-निर्देशों के तहत इन्हें 36 अलग-अलग अनुभागों में विभाजित कर नौ माह तक प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य अतिथि एसपी सुकीर्ति माधव ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता को सेवा जीवन में उतारना हर पुलिसकर्मी का दायित्व है। उन्होंने नव आरक्षियों से जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। समारोह में एएसपी विक्रम दहिया, सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार राघव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि इन नव आरक्षियों के शामिल होने से जिले की पुलिस जनशक्ति में वृद्धि होगी, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। आमजन को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी। सुरक्षा, सेवा और संतुष्टि के स्तर को बेहतर बनाने में यह नई खेप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशिक्षुओं को किया गया सम्मानितसमारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। आरक्षी अक्षय कुमार को सर्वोत्तम सर्वांग (बेस्ट ऑल राउंडर) घोषित किया गया। आरक्षी तुषार चौधरी को इंडोर टॉपर और आरक्षी राजीव कुमार को आउटडोर टॉपर का पुरस्कार मिला। परेड कमांडर प्रथम का सम्मान शिवम कौशिक, द्वितीय का अवनीत रुहेला और तृतीय का विशाल मलिक को प्रदान किया गया। इसके अलावा बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 तथा आंतरिक विषयों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 9 आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।थानों में की जाएगी नवआरक्षियों की तैनातीपुलिस विभाग ने पासिंग आउट परेड के बाद इन नव आरक्षियों की जिले के विभिन्न थानों और इकाइयों में तैनाती की तैयारी भी पूरी कर ली है। कोतवाली शहर, सुनगढ़ी, पूरनपुर, जहानाबाद, बीसलपुर, अमरिया, बिलसंडा समेत प्रमुख थानों में आवश्यकता के अनुसार बल भेजा जाएगा। महिला थाना में महिला आरक्षियों की विशेष तैनाती प्रस्तावित है, जबकि साइबर थाना और पुलिस लाइन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।