Pilibhit News: 296 जोड़े बने हमसफर, पुष्पवर्षा कर दिया आशीर्वाद
Pilibhit News: पीलीभीत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 296 विवाह विधि-विधान से कराए गए। मुख्य अतिथि राम सरन वर्मा और डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। नव विवाहितों को पौधे भेंट किए गए और रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।

Pilibhit News: पीलीभीत। नवीन मण्डी समिति परिसर में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विधानसभा बीसलपुर क्षेत्र के सामूहिक विवाह समारोह में 296 शादियां विधि-विधान और वैदिक मंत्राोच्चारण के साथ कराई गई। नव विवाहितों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्रदान किया गया। प्रत्येक नवविवाहित जोड़ों को एक पौधा भेंट किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री राम सरन वर्मा रहे। विवाह समारोह का शुभारम्भ पूर्व राज्यमंत्री रामसरन वर्मा और डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई ने विवाह समारोह की विस्तार से जानकारी दी। पूर्व राज्यमंत्री और डीएम ने वर-वधूओं पर पुष्प वर्षा की। सभी पंडाल में व्यवस्थित ढंग से बैठाए गए। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कराए गए। वर वधुओं ने सात फेरे लेकर नया जीवन शुरू करने का संकल्प लिया। विवाह समारोह में 330 में से 296 नव युगलों का विवाह कराया गया, जिसमें 51 अल्पसंख्यक जोड़े शामिल रहे। जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वर-वधुओं को आवश्यक उपहार सामग्री वितरित कर सभी को आशीर्वाद दिया। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस दिनभर मुस्तैद रही। इस मौके पर डीएम, एसपी सुर्कीति माधव, सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र, एडीएम रोशनी यादव, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, डीडीओ संजय कुमार, सीवीओ डॉ.प्रवीण कुमार त्यागी, उपायुक्त स्वतः रोजगार वंदना सिंह, डीसी वीबी-जीरामजी हेमंत यादव, बीएसए रोशनी सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में करें आवेदन
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जो नव विवाहित जोड़े अपना रोजगार स्थापित करना चाहते हो। वह मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में अपना आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना के तहत पांच लाख रुपये बगैर ब्याज के ऋण प्राप्त कर रोजगार कर सकते हैं। सभी वर-वधु सेवायोजन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करें। उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगीकरण की अपार संभावनाएं हैं। नई फैक्ट्रियों की स्थापना की जा रही है। सेवायोजन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होने से इन फैक्ट्रियों में जॉब पाना आसान हो जाएगा। उन्होंने उपस्थित वधूओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए सामूहिक विवाह : विश्नोई
जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत शासन द्वारा एक जोड़ की शादी पर एक लाख रुपये खर्च करने की व्यवस्था की गई। जिनमें कन्या के दाम्पत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए सहायता राशि 64 हजार रुपये मात्र कन्या के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इक्कीस हजार रुपये मूल्य की आवश्यक सामग्री दो गद्दे, दो तकिये, दो कम्बल, कूकर, पंखा, वाटर कूलर, ट्राली बैग, डिनर सैट व कढ़ाई जोड़ो को दी गई। कार्यक्रम के आयोजन हेतु विवाह संस्कार के लिए आवश्यक सामाग्री, भोजन, पंडाल, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये निर्धारित किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह शांतिपूर्ण ढँग से संपन्न हो गए।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


