
सामूहिक विवाह का मंडप तैयार, शहनाई की धुन में लेंगे सात फेरे
संक्षेप: Pilibhit News - पीलीभीत में ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 520 वर-वधू भाग लेंगे। सभी ने बायोमेट्रिक प्रणाली से हाजिरी लगवाई जाएगी। पहले दिन 12 नवंबर को विवाह समारोह होगा, जिसमें विभिन्न व्यंजनों की व्यवस्था की गई है।
पीलीभीत। ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह कराने के लिए मंडप तैयार कर लिया गया है। बैंडबाजे के साथ शहनाई की धुन पर नवविवाहित जोड़े सात फेरे लेकर पवित्र वैवाहिक बंधन बंध सकेंगे। विवाह समारोह में मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक क्षेत्र के 520 वर-वधू हिस्सा लेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट और आवंटित सेक्टरों में अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाई जा रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में ऑनलाइन माध्यम से 2333 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। इसके बाद सभी आवेदनों को सत्यापन के लिए भेज दिया गया। सत्यापन के बाद 2086 आवेदन सही पाए गए हैं।

इस बार सामूहिक विवाह की तिथियां विधानसभा वार घोषित कर दी गई है। ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज में सामूहिक विवाह समारोह का मंडप बनकर तैयार हो गया है। पहले दिन 12 नवंबर को पीलीभीत विधानसभा के मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक क्षेत्र के वर-वधू का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कराया जाएगा। बैंडबाजे के साथ शहनाई बजवाई जाएगी। मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक के 520 वर-वधू के विवाह होंगे, जिसमें 21 मुस्लिम हैं। इन वर-वधुओं की पहली बार बायोमेट्रिक प्रणाली से हाजिरी ली जाएगी। इसके लिए दस मशीनों की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक रोशनी यादव, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, डीआरडीए के परियोजना निदेशक पवन कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज विवाह स्थल पर की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। इन अधिकारियों ने विवाह स्थल और काउंटर का भलीभांति निरीक्षण किया। सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में डिप्टी कलेक्टर प्रमेश कुमार और एसडीएम सदर न्यायिक पवन कुमार सिंह रहेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी को जिम्मेदारियां आवंटित कर दी गई है। प्रत्येक वर-वधू की बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाई जाएगी। इसके बाद ही उन्हें विवाह मंडप में प्रवेश दिया जाएगा। ये लगाए गए हैं सेक्टर अधिकारी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 12 सेक्टर बनाए गए हैं। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है, जिसमें जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, कार्यकारी अधिकारी मत्स्य, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीआईओएस, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, आईटीआई के प्रधानाचार्य, संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक शामिल हैं। ये सभी अधिकारी अपने-अपने सेक्टर में मौजूद रहेंगे। लजीज व्यंजन की व्यवस्था की गई सामूहिक विवाह समारोह में आने वाले वर-वधू समेत अन्य के लिए स्वादिष्ट और लजीज व्यंजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें पनीर, मिक्स सब्जी, रायता, पूड़ी, चावल, सलाद, मिष्ठान आदि शामिल हैं। विवाह स्थल पर ही स्वादिष्ट भोजन बनाकर खिलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रभारी को निर्देशित कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




