Pilibhit News: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
Pilibhit News: पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के खगाई गांव में 32 वर्षीय त्रिवेणी देवी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर पहले गला घोंटकर हत्या करने और फिर घटना को आत्महत्या दिखाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

Pilibhit News: बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के खगाई गांव में बृहस्पतिवार को 32 वर्षीय विवाहिता त्रिवेणी देवी पत्नी नरेंद्र कुमार का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर विवाहिता की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। ग्राम नरायनठेर निवासी मृतका के भाई पातीराम ने थाना बरखेड़ा पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा गया कि त्रिवेणी की शादी वर्ष 2011 में नरेंद्र कुमार के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। नौ वर्षीय बेटा अभय घटना के समय घर पर मौजूद था, जबकि 12 वर्षीय बेटी आराध्या नरायनठेर स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है।
मृतका के पिता कड़ेराम का आरोप है कि उनकी बेटी की पहले गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जबकि मायके वालों को इसकी जानकारी दोपहर एक बजे के बाद फोन से दी गई। नरेंद्र दियोरिया क्षेत्र के देवहना गांव में मोबाइल की दुकान चलाता है। घटना वाले दिन वह दुकान पर नहीं गया था और घर में मौजूद था। उसका भाई हरिओम भी पास के कमरे में रहता है, लेकिन घटना के समय वह पत्नी के साथ बाहर गया हुआ था। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक बरखेड़ा सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।


