Pilibhit News: चीनी मिल में टाइम ऑफिस के पास पहुंच गया तेंदुआ, कर्मचारियों में दहशत
Pilibhit News: पूरनपुर में तेंदुआ दो दिनों से चीनी मिल में घूम रहा है, जिससे कर्मचारियों में डर का माहौल है। तेंदुआ मुख्य गेट के पास टाइम ऑफिस के निकट देखा गया। कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन से उसे पकड़वाने की मांग की है, लेकिन वन विभाग केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।

Pilibhit News: पूरनपुर । तेंदुआ दो दिनों से चीनी मिल में डेरा जमाए हुए है। दूसरे दिन उसे चीनी मिल परिसर के अंदर मुख्य गेट के पास मौजूद टाइम ऑफिस के पास देखा गया। मिल परिसर में तेंदुआ के घूमने से कर्मचारियों में दहशत है। उन्होंने मिल प्रबंधन से उसे पकड़वाने की मांग की। आरोप है वन विभाग की टीम निगरानी के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी कर लौट जाती है। जंगल से निकले तेंदुए आबादी का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। वन विभाग के प्रयास के बावजूद तेंदुओं की गतिविधियां लगातार आबादी क्षेत्र में देखी जा रहीं हैं। मंगलवार को तेंदुआ पूरनपुर सहकारी चीनीमिल में ईटीपी प्लांट के पास रैंप पर बैठा देखा गया था।
उसके बाद वह दीवार फांदकर बाहर निकल गया। तेंदुआ के जाने पर मिल में मरम्मत कार्य कर रहे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। बुधवार को तेंदुआ ने फिर चीनीमिल में अपनी आमद दर्ज कराई। वह ईटीपी प्लांट के आगे निकलकर चीनी गोदाम से होकर मुख्य गेट के पास मौजूद टाइम ऑफिस के पास पहुंच गया। ड्यूटी करने पहुंचे कर्मचारियों ने तेंदुआ परिसर में घूमता देखा तो उनके होश उड़ गए। कार्यस्थल के पास तेंदुआ देखे जाने से कर्मचारियों में भय की स्थिति बन गई। उन्होंने चीनीमिल प्रबंधन को सूचना देकर तेंदुआ को पकड़वाने की मांग की। जानकारी लगते ही वन एवं वन्यजीव प्रभाग की टीम चीनीमिल पहुंची और तेंदुआ भगाने के लिए पटाखे दगाए। तेंदुआ न पकड़े जाने से कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि तेंदुआ काफी समय से चीनी मिल में घूम रहा है। इससे उन्हें खतरा है। वन एवं वन्य जीव प्रभाव की टीम तेंदुआ होने की सूचना पर सिर्फ उसे देखने के लिए पहुंचती हैं। उसे पकड़ने और भगाने का कोई ठोस उपाय नहीं किया जा रहा है।


