ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश पीलीभीतदेवहा नदी किनारे चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री

देवहा नदी किनारे चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सुनगढ़ी पुलिस ने देवहा नदी किनारे चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री को पकड़कर यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है,...

देवहा नदी किनारे चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री
हिन्दुस्तान टीम,पीलीभीतFri, 09 Apr 2021 03:23 AM
ऐप पर पढ़ें

पीलीभीत। हिन्दुस्तान संवाद

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सुनगढ़ी पुलिस ने देवहा नदी किनारे चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री को पकड़कर यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा बनाने के उपकरण और एक बना हुआ तमंचा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

आसाम रोड चौकी प्रभारी अचल कुमार गुरुवार रात पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि देवहा नदी के किनारे शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही है। यहां पर बरेली और रामपुर से भी अपराधी तमंचा खरीदने आते हैं। तमंचा बनाने वाला कारीगर बैग में अवैध असलाह लेकर इस्लाम नगर गांव की और से खेतों की तरफ गए हैं। इस पर पुलिस टीम ने दबिश दी। यहां से तमंचे बना रहे एक आरोपी और एक खरीदार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक तमंचे बनाने वाला फरार हो गया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम पुष्कर सागर निवासी गांव शिवनगर थाना गजरौला बताया है। पुलिस ने उसके कब्जे से शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। दूसरे युवक ने अपना नाम राजन सागर निवासी मोहल्ला शिवपुरी थाना कटघर जनपद मुरादाबाद बताया है। इसके पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया है। तीसरे फरार युवक का नाम रामलाल विश्वकर्मा निवासी अमरिया बताया है। वह अपने साथ चार पांच तमंचे लेकर भाग गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों का नेटवर्क भी खंगाला जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें