
मुकदमे में समझौता न करने पर विवाहिता के अश्लील फोटो किए वायरल
Pilibhit News - पीलीभीत में एक महिला ने अपने पति पर दहेज के मुकदमे में समझौता न करने पर फेसबुक पर उसके अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है। पति ने फर्जी आईडी बनाकर उसकी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की तस्वीरें भी साझा की। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीलीभीत। दहेज के मुकदमे में समझौता न करने पर पति ने सोशल साइट फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पत्नी के अश्लील फोटो वायरल कर दिए। पत्नी के साथ ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के फोटो भी वायरल किए गए। गजरौला पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना गजरौला क्षेत्र के एक गांव के निवासी महिला ने थाना गजरौला में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि उसकी शादी 26 अप्रैल को सुनील कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी मोहल्ला हबीबगंज पूरनपुर के साथ हुई थी। विवाह के उपरांत उसके पति सुनील कुमार और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते थे।
30 नवंबर 2021 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसको घर से निकाल दिया। जिस संबंध में उसके पिता ने थाना गजरौला में दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह मायके में अपने पिता के साथ रह रही है। तभी से उसके पति सुनील कुमार मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसको फोन पर लगातार धमकी दी जा रही है। मुकदमे में समझौता न करने पर उसके अश्लील फोटो फेसबुक पर वायरल कर देने की धमकी दी गई थी। जब उसने समझौता करने से मना कर दिया तो उसके पति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। उसके साथ उसकी भाभी, बहन और बुआ के फोटो भी वायरल किए गए। 6 नवंबर 2025 को जब उसे अश्लील फोटो के वायरल होने की जानकारी मिली तो उसने अपने पति को फोन किया। इस पर उसके पति ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मुकदमे में समझौता न करने पर ऐसे ही फोटो वायरल करते रहने की धमकी दी। पति के फोटो वायरल करने से वह शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




