गन्ना सर्वेक्षण कार्य हैंड हेल्ड उपकरणों से किया जाएगा
बीसलपुर की सहकारी चीनी मिल में गन्ना सर्वेक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक मई से जिलेभर में जीपीएस सर्वे शुरू होगा। गन्ना पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सर्वेक्षण के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया गया। किसानों को सर्वे स्लिप मौके पर प्रदान की जाएगी।

बीसलपुर/पीलीभीत। किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर में गन्ना सर्वेक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। जिलेभर की चीनी मिल क्षेत्र में एक मई से जीपीएस सर्वे शुरू होगा। सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड बीसलपुर में आगामी पेराई सत्र के गन्ना सर्वेक्षण कार्य को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से कराने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चीनी मिल एवं गन्ना विभाग के समस्त गन्ना पर्यवेक्षकों को सर्वेक्षण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि सभी गन्ना पर्यवेक्षक अपनी-अपनी सर्किल में गन्ना सर्वेक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता एवं निष्पक्षता के साथ करेंगे।
सर्वे शुरू होने से पूर्व ग्राम प्रतिनिधियों और गन्ना कृषकों को सूचना अनिवार्य रूप से दी जाएगी, जिससे किसान समय से अपने खेत पर उपस्थित रह सकें। उन्होंने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य हैंड हेल्ड (जीपीएस) उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा और सर्वेक्षण पूर्ण होने के तुरंत बाद कृषकों को मौके पर ही सर्वे स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी। खेत का सर्वे उसी किसान के नाम दर्ज किया जाएगा, जिसके नाम राजस्व अभिलेखों में भूमि दर्ज होगी। अगर किसी किसान को राजस्व अथवा सिंचाई विभाग द्वारा भूमि पट्टे पर आवंटित की गई है, तो सर्वे उसी किसान के नाम किया जाएगा। पौधे गन्ने का सर्वे खेत की भुजाओं का मापन कर वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही गन्ना किस्मों का अंकन सावधानीपूर्वक किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान फसल की दशा, अन्य आवश्यक सूचनाएं, पौधशाला अथवा प्रदर्शन प्लॉट की स्थिति का भी विवरण दर्ज किया जाएगा। डीसीओ खुशीराम ने बताया कि गन्ना विभाग के लिए सर्वेक्षण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर चीनी मिलों को गन्ने का आवंटन किया जाता है और आगामी पेराई सत्र में चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया जाता है। इसके साथ ही सर्वे से ही किसानों की पर्ची निर्गमन एवं सट्टा निर्धारण की प्रक्रिया तय होती है। इसलिए यह कार्य पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से संपन्न किया जाना आवश्यक है। इस मौके पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीसलपुर, सचिव बीसलपुर गन्ना समिति, परिषद प्रतिनिधि एवं चीनी मिल के समस्त गन्ना पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


