ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश पीलीभीतफंदे पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका

फंदे पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। सूचना पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने मृतक के ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया...

फंदे पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका
हिन्दुस्तान टीम,पीलीभीतWed, 19 Sep 2018 01:20 PM
ऐप पर पढ़ें

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। सूचना पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने मृतक के ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना दियोरिया क्षेत्र के ग्राम कुनवा निवासी संजय (28) पुत्र रामचंद्र मंगलवार दोपहर एक बजे घर से कहीं जाने की बात कहकर निकला था। जब काफी समय बीतने के बाद भी वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। मृतक के पास एक मोबाइल फोन भी था। जिस पर लगातार रिंग जा रही थी लेकिन रिसीव नहीं हो रहा था। शाम को सात बजे उसके पिता रामचंद्र ने उसकी तलाश शुरू की। रामचंद्र के मुताबिक जब वह तलाश करते हुए थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुर इटौरिया में स्थित गैस एजेंसी के समीप पहुंचे तो एक पाकड़ के पेड़ पर संजय का शव रस्सी से लटका हुआ था। उसके गले में फंदा लगा हुआ था। शव लटके होने की सूचना पर गांव के तमाम लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर गजरौला मोहम्मद कासिम ने फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से जानकारी की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता रामचंद्र ने बताया कि जिस जगह शव मिला है, वहां से कुछ दूरी पर ही उसकी ससुराल भी है। उनके बेटे संजय का अपनी ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। जिसका मुकदमा भी थाना गजरौला में लिखा हुआ है। दो माह से उसकी पत्नी उससे अलग होकर मायके में रह रही थी। अभी कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी अंतवती ने भी आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जिसके बाद से ही वह उससे अलग रह रही थी। परिजनों ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अगर कोई तहरीर मिलती है तो एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें