आलू की फसल की रखवाली कर रहा एक युवक रात में रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। सुबह काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो झोपड़ी में उसकी शर्ट के टूटे बटन मिले। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर अपहरण के बाद हत्या की आशंका का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि तीनों ग्रामीण एक दिन पहले मेढ़ के विवाद के बाद हत्या की धमकी दे चुके हैं। बेटे का सुराग न लगने पर उसकी मां का रो रोकर बुराहाल है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खमरिया पट्टी निवासी रामगोपाल का गांव के ही पड़ोस में खेत पर आलू की फसल खड़ी है। ग्रामीण का मेढ़ को लेकर गांव के ही तीन लोगों से मंगलवार को विवाद हो गया था। आरोप है कि तीनों लोगों ने रामगोपाल और उसके पुत्र भगवानदास को जान से मारने की धमकी भी दी। देर शाम भगवान दास आलू की फसल की रखवाली करने पहुंचा। वह खेत में पड़ी झोपड़ी में सो रहा था। अचानक वह रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। सुबह काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई। तो उन्होंने खेत पर पहुंचकर उसकी खोजबीन की। झोपड़ी में देखा तो मच्छरदानी के डंडे टूटे पड़े थे और भगवानदास नदारद था। झोपड़ी में उसकी शर्ट की बटन टूटे हुए पड़े थे। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताकर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। भगवानदास के पिता रामगोपाल का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसी को लेकर झोपड़ी में सो रहे उसके पुत्र की अपहरण के बाद हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बेटे का पता न लगने पर उसकी मां का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि खमरिया पट्टी में मेढ़ को लेकर विवाद हुआ था। इसमें एक युवक के अपरहण की तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।