
दिवंगत शिक्षक फुरकान अली के परिवार की होगी आर्थिक मदद
Pilibhit News - पीलीभीत में दिवंगत शिक्षक फुरकान अली के परिवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) नवंबर में आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी। यह जिले का पांचवां सहयोग है। टीएससीटी ने दिवंगत शिक्षक के आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। 15 से 25 नवंबर तक उनके नामिनी के खाते में आर्थिक सहायता भेजी जाएगी।
पीलीभीत। बीसलपुर के दिवंगत शिक्षक के परिवार को नवंबर माह में टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी। सहयोग की श्रृंखला में जिले के लिए यह पांचवां सहयोग है। गुरुवार को टीएससीटी की जिला टीम ने दिवंगत शिक्षक के परिवार से मिलकर स्थलीय निरीक्षण किया। बीसलपुर के कम्पोजिट स्कूल बख्तावरलाल में तैनात शिक्षक फुरकान अली का पांच जनवरी 2025 को निधन हो गया था। वे 23 नवंबर 2023 से टीएससीटी से जुड़कर प्रदेश के दिवंगत शिक्षकों के परिवारों का आर्थिक सहयोग कर रहे थे। जिला मीडिया प्रभारी फुरकान हाशमी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद आर्य के निर्देश पर जिला संयोजक राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रवक्ता नरेश पाल गंगवार, जिला सह संयोजक मनोज कुमार मौर्य, भानु प्रताप सिंह, अतुल कुमार, जिला आईटी सेल प्रभारी शिवम सक्सेना, ब्लॉक संयोजक सुरजीत, ब्लॉक प्रवक्ता संजीव गंगवार ने मोहल्ला हबीबुल्लाह जुनुबी स्थित दिवंगत शिक्षक फुरकान अली के आवास पर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

टीम ने स्थलीय निरीक्षण की कार्यवाही पूर्ण कर आवश्यक कागजात प्राप्त किए। मीडिया प्रभारी ने बताया कि 15 से 25 नवम्बर तक स्वर्गीय अली के नामिनी के खाते में टीएससीटी सदस्य प्रदेश भर के शिक्षक आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 436 दिवंगत शिक्षक परिवारों को लगभग 188 करोड़ रुपये का सहयोग किया जा चुका है। स्थलीय निरीक्षण के समय कंपोजिट स्कूल बख्तावर लाल के शिक्षक संदीप सुमन, बार नवादा ललौरीखेड़ा के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




