राहत: जिले की चार सीएचसी पर शुरू हुई ईसीजी सुविधा

Mar 01, 2026 01:51 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पीलीभीत
share Share
Follow Us on

Pilibhit News - पीलीभीत में हृदय रोगियों के लिए राहत की खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) की सुविधा शुरू की है। इससे मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक जांच और उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर स्थिति में मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

राहत: जिले की चार सीएचसी पर शुरू हुई ईसीजी सुविधा

पीलीभीत। हृदय रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। अब मरीजों को ईसीजी जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी लैब की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग ने चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) की सुविधा शुरू कर दी है। इससे मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक जांच और उपचार मिल सकेगा। अभी तक ईसीजी की सुविधा जिला अस्पताल में ही है। देहात क्षेत्र से आने वाले हृदय रोगियों को सीएचसी स्तर पर बिना जांच के ही रेफर कर दिया जाता रहा। ऐसे में उनकी जान को खतरा और बढ जाता है। ऐसे मरीजों को तत्काल ही जांच और प्राथमिक उपचार के लिए सीएमओ की ओर से पूरनपुर, बरखेड़ा, बीसलपुर और जहानाबाद सीएचसी पर ईसीजी मशीनें स्थापित कर दी गई हैं।

प्रशिक्षित स्टाफ को मशीन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत जांच कर रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक उपचार शुरू किया जा सके। चिकित्सकों का कहना है कि हृदयाघात के मामलों में शुरुआती गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में सीएचसी स्तर पर ईसीजी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। गंभीर स्थिति होने पर मरीज को तत्काल उच्च केंद्र के लिए रेफर भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि आगे अन्य सीएचसी पर भी चरणबद्ध तरीके से यह सुविधा शुरू की जाएगी। फार्मासिस्टों को मिल चुका है प्रशिक्षण जिन चार सीएचसी पर ईसीजी की सुविधा शुरु की गई है। वहां के फार्मासिस्टों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। सभी को हृदयघात की आशंका वाले मरीजों के आने पर उपचार कैसे किया जाए, इसका तौर तरीका बताया गया है। यही नहीं चारों सीएचसी पर दवाएं भी उपलब्ध करा दी गई है। फिलहाल अभी चार सीएचसी पर ईसीजी की सुविधा शुरु की गई है। प्रयास यह है कि जल्द ही अन्य सीएचसी पर भी इसे चालू कर दिया जाएगा। -डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।