ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश पीलीभीतपीलीभीत में शुरू होगा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का ट्रायल

पीलीभीत में शुरू होगा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का ट्रायल

नगर पालिका शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए अब एक कदम आगे बढ़ते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कराने का प्रयास करने जा रहा है। अभी नगर पालिका अपने स्तर पर इसका ट्रायल भर करेगा। इसमें किसी से कोई शुल्क...

पीलीभीत में शुरू होगा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का ट्रायल
हिन्दुस्तान टीम,पीलीभीतThu, 18 Oct 2018 01:25 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर पालिका शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए अब एक कदम आगे बढ़ते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कराने का प्रयास करने जा रहा है। अभी नगर पालिका अपने स्तर पर इसका ट्रायल भर करेगा। इसमें किसी से कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इससे सफल रहने पर यह काम प्राइवेट हाथों में सौंपा जा सकता है। यह प्रस्ताव बुधवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक में रख गया। सभासदों ने इस प्रस्ताव पर हल्के फुल्के विरोध के बाद सहमति जता दी। इसके साथ ही पालिका की आय बढ़ाने वाले कुछ अन्य प्रस्ताव भी बैठक में पास हो गए।

नगर पालिका बोर्ड की बैठक बुधवार को कुछ उपलब्धि भरी रही। बैठक में सभासदों ने कुछ अहम प्रस्तावों पर आपसी सहमति जताई। इसमें कुछ प्रस्ताव पालिका की आय में बढ़ोत्तरी करने वाले रहे कुछ जनहित से जुड़े हुए। इससे पहले महीने के अंत में बुलाई जाने वाली बोर्ड की बैठक इस बार कुछ पहले ही बुला ली गई। अध्यक्ष विमला जायसवाल और ईओ निशा मिश्रा की अगुवाई में आयोजित बैठक में अधिकांश सभासद मौजूद रहे। बैठक शुरू होने के बाद सबसे पहले पिछली बोर्ड बैठक में स्वीकृत हुए कार्यों पर चर्चा हुई। इसके बाद बैठक के एजेंडे पर बिंदुवार चर्चा हुई। इसमें सबसे पहला बिंदु था यूजर चार्ज लागू करने का। यह चार्ज शहर में घर-घर कूड़ा उठाने के बदले लोगों से लिया जाना है। बैठक में इस प्रस्ताव पर पहले सभासद एकमत नहीं हुए। विरोध करने वाले सभासदों का कहना रहा कि कूड़ा उठाना नगर पालिका की जिम्मेदारी है, लोगों से इसका टैक्स नहीं लिया जा सकता। इस पर ईओ ने शासन की मंशा के बारे में सभासदों को बताया। उन्होंने कहा अभी इसको नगर पालिका अपने स्तर पर बतौर ट्रायल शुरू करेगा। जिन वार्डों में यह प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी वहां लोगों से इसका चार्ज नहीं लिया जाएगा। अगर यह प्रक्रिया सफल रहती है तो बाद में इसका काम किसी एजेंसी को सौंपा जा सकता है। इसके अलावा बोर्ड की बैठक में नगर पालिका की आया बढ़ाने के लिए भी विचार विमर्स हुआ। इसके लिए तैयार किए गए प्रस्ताव भी बोर्ड में रखे गए। इस पर भी सभसदों के बीच तीखी बहस हुई पर अंत में सभासदों ने एकराय होकर प्रस्ताव स्वीकार कर लिए।

प्रकाश व्यवस्था पर बिफरे सभासद

शहर में प्रकाश व्यवस्था की बदहाली पर सभासदों ने गहरी नाराजगी जताई। सभासदों ने कहा नगर पालिका खरीद तो करती है पर वार्डों में अंधेरा रहता है। सभासद पुष्पा उपाध्याय ने खरीदे गए एलईडी बल्ब की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने का बल्ब तीन महीने में खराब हो रहे हैं और इनको बदला भी नहीं जा रहा है। अन्य सभासदों ने प्रकाश व्यवस्था को लेकर प्रकाश प्रभारी से नाराजगी जताई। इस पर अध्यक्ष विमला जायसवाल ने प्रकाश प्रभारी को आदेश कि अब जो भी खरीद होगी वह सभी वार्डों में बराबर उपलब्ध कराई जाएगी।

पानी से बढ़ेगी नगर पालिका की आय

नगर पालिका पर शासन से आय बढ़ाने का दबाव है। नगर पालिकाओं को उनकी आय के सापेक्ष ही शासन से विकास के लिए धन आवंटित होता है। पीलीभीत नगर पालिका की आय कम होने से शासन से बजट भी कम आवंटित होता है। आय बढ़ाने के लिए बुधवार को बोर्ड की बैठक में जलमूल्य बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया। कुछ सभासदों ने पहले इसका विरोध किया पर शहर के विकास के लिए आखिरकार सभासद जलमूल्य बढ़ाने पर एकमत हो गए। पहले घरेलू उपभोक्ताओं से नगर पालिका 36 रुपया साल जलमूल्य वसूलता था। व्यवसायिक उपभोक्ताओं ने 50 रुपया सालाना जलमूल्य वसूला जाता था। अब नए प्रस्ताव के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं से 30 रुपया महीना और व्यवसायिक उपभोक्ताओं से 50 रुपया महीना वसूला जाएगा।

14 वें वित्त की दूसरी और तीसरी किश्त के लिए मांगे प्रस्ताव

नगर पालिका भले ही अब तक 14 वें वित्त की पहली किश्त से विकास कार्य नहीं करा पाया हो पर उसे शासन से दूसरी और तीसरी किश्त भी मिल गई है। इसकी जानकारी पालिकाध्यक्ष ने बोर्ड की बैठक में दी। उन्होंने कहा दूसरी किश्त में 2.18 करोड़ और तीसरी किश्त में 2.53 करोड़ रुपया मिला है। उन्होंने सभासदों से अपने-अपने वार्ड में निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तैयार कराकर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।

इन प्रस्तावों पर भी लगी मोहर

- पालिका की सीमा में गृहकर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर दस प्रतिशत करना।

- विज्ञापन से आय के लिए शहर के चौराहों पर यूनीपोल खड़े करना।

- शहर की प्रकाश व्यवस्था के लिए बिजली का सामान खरीदने।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें