Pilibhit News: संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 40 शिकायतें
Pilibhit News: पूरनपुर में संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने विभिन्न शिकायतों को सुना। दिव्यांगों के लिए आवास और रोजगार की मांग, मजदूरों की शिकायतें, और विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने के लिए ज्ञापन जैसे मुद्दे उठाए गए। एक दिन में कई शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाया।

Pilibhit News: पूरनपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने शिकायतों को सुना। बारिश के बाद भी पहुंची शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया गया। अधिवक्ताओं ने भी अफसरों के सामने अपनी समस्याओं को रखा। शनिवार को बरसात के बावजूद लोग पहुंचे। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के जिलाध्यक्ष तनु मिश्रा ने दिव्यांगों को आवास, राशन कार्ड और गैस कनेक्शन दिलाने की मांग की। साथ ही रोजगार इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल दिलाने को कहा। लखीमपुर के मजदूरों ने गहलुइया के ठेकेदार पर मजदूरी के हड़पने के आरेोप लगाए। बताया कि चन्नई में एक फैक्ट्री में काम करने के बाद उन्हें पारिश्रमिक नहीं दिया गया। सिमरिया ता. अजीतपुर बिल्हा की महिलाओं ने आवास सूची से नाम काटे जाने के आरोप लगाए। डीएम ने कमेटी बनाकर जांच का भरोसा दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतकर्ता पहुंचे पर निस्तारण नहीं हो सका। डीएम ज्ञानेंद्र ने पौधारोपण किया। इसके बाद पिपरिया दुलई के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल पहुंच कर निरीक्षण किया। सहकारी चीनीमिल में प्रबंध कमेटी के साथ बैठक की। मिल के विस्तारीकरण और आधुनिकरण, कैंटीन का निर्माण और निष्प्रयोज्य वाहनों की नीलामी को लेकर समीक्षा की। मिल में चल रहे मरम्मत कार्यों को पूछा。
अधिवक्ताओं ने प्रत्रावलियों के निस्तारण में लगाए उगाही का आरोप
प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने डीएम को पत्र देकर धारा 80 की पत्रावलियां निस्तारित करने में लेखपालों से लेकर एसडीएम कोर्ट तक उगाही के लिए तमाम खामियां निकाले जाने के आरोप लगाए। धारा 76 के भूमिधरी अधिकारों का पालन नहीं कराए जाने के भी आरोप लगाए। मुजफ्फरनगर सहित कई गांवों के चकबंदी नक्शे न होने से वादकारियों की परेशानियों की बात कही गई। कंप्यूटर कक्ष में 90 फीसदी किसानों की जमीनों के अंश गलत तरीके से अंकित करने और धारा 34 में बयानों के लिए तमाम आरोप लगाए गए।
जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीरकरण पर रोक लगाने के लिए सछास ने सौंपा ज्ञापन
sछास के राष्ट्रीय अध्यक्ष नोमान अली वारसी के साथ कई कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मंयक गोस्वामी को दिया। कहा कि रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण की सूचना से छात्र, शिक्षक और अभिभावकों में चिंता है। कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान से संबधित विवाद का समाधान निष्पक्ष और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरुप किया जाना चाहिए। ताकि शिक्षा का वातावरण प्रभावित न हो। छात्रों के भविष्य का हवाला देकर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने की मांग की।
कलीनगर और अमरिया में एक-एक शिकायत का निस्तारण
अमरिया/कलीनगर। एसडीएम हेमंत चौधरी समेत सीओ आईपीएस नताशा गोयल की अध्यक्षता में 19 शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी अन्य को विभाग के अधिकारियों को निस्तारण करने को निर्देशित किया गया। नायब तहसीलदार रमेश चंद्र कानून गो समेत लेखपाल व अन्य कर्मी रहे। इधर कलीनगर में एडीएम न्यायिक रोशनी यादव की अध्यक्षता में पांच शिकायतों में से एक शिकायत का निस्तारण किया गया। एसडीएम परमेश कुमार, नायब तहसीलदार अक्षय कुमार व अन्य रहे।
बीस शिकायतों में से दो शिकायतों का किया गया निस्तारण
बीसलपुर। एसडीएम नागेंद्र पांडेय तहसीलदार हबीब अंसारी ने क्षेत्र से आए पीड़ितों की शिकायते सुनी। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में आईं कुल 20 शिकायतों में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में बीडीओ सर्वेश कुमार आदि रहे।


