
एनएचएम संविदा कर्मियों को दो माह से वेतन नहीं, सीएमओ से मिले कर्मचारी
Pilibhit News - पीलीभीत में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को दिसंबर 2025 से वेतन नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। हाल ही में एक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा आत्महत्या का प्रयास भी किया गया, जिससे चिंता बढ़ गई है।
पीलीभीत। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को दिसंबर 2025 से अब तक वेतन न मिलने से गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वेतन में लगातार हो रही देरी को लेकर संविदा कर्मियों में रोष व्याप्त है। इसको लेकर कर्मचारियों ने अब आंदोलन का मूड बनाया है। सोमवार को संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आलोक कुमार से मुलाकात कर लंबित वेतन तत्काल जारी कराने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारी संघ का कहना है कि अल्प वेतन पर कार्यरत संविदा कर्मी पूरी तरह मासिक वेतन पर निर्भर हैं।
वेतन न मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और उपचार तक प्रभावित हो रहा है, जिससे मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। संघ ने बताया कि वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर उपमुख्यमंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को पत्र भेजा गया है, जबकि मुख्यमंत्री को भी प्रतिलिपि प्रेषित की गई है। इधर सीएमओ ने बताया कि यह पूरे प्रदेश की समस्या है। जल्द ही सभी को वेतन मिल जाएगा। महराजगंज की घटना ने बढ़ाई चिंता संघ ने अंत में बताया कि हाल ही में जनपद महराजगंज में वेतन न मिलने के मानसिक दबाव में एक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया, जिसे समय रहते बचा लिया गया। इस घटना ने प्रदेश भर के संविदा स्वास्थ्य कर्मियों में गहरी चिंता पैदा कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




