ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश पीलीभीतबरखेड़ा विधायक किशन लाल राजपूत का टिकट कटा, स्वामी प्रवक्तानंद होंगे प्रत्याशी

बरखेड़ा विधायक किशन लाल राजपूत का टिकट कटा, स्वामी प्रवक्तानंद होंगे प्रत्याशी

भाजपा द्वारा जारी की गई 85 सीटों की टिकट सूची में पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा से भाजपा विधायक किशनलाल राजपूत का टिकट काट दिया गया है। अब बरखेड़ा में...

बरखेड़ा विधायक किशन लाल राजपूत का टिकट कटा, स्वामी प्रवक्तानंद होंगे प्रत्याशी
हिन्दुस्तान टीम,पीलीभीतSat, 22 Jan 2022 03:31 AM
ऐप पर पढ़ें

पीलीभीत। भाजपा द्वारा जारी की गई 85 सीटों की टिकट सूची में पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा से भाजपा विधायक किशनलाल राजपूत का टिकट काट दिया गया है। अब बरखेड़ा में स्वामी प्रवक्तानंद भाजपा के प्रत्याशी होंगे। यही नहीं बीसलपुर विधायक अगयश रामसरन वर्मा की मांग भी पार्टी नेतृत्व ने पूरी कर बीसलपुर से उनके बेटे विवेक वर्मा को टिकट दे दिया है। पूरनपुर और सदर विस में अपने वर्तमान विधायकों पर ही पार्टी ने भरोसा जता कर चुनावी रण में उतारा है।

बहुप्रतीक्षित भाजपा की टिकट सूची जारी होने के बाद यह साफ हो गया कि सदर विधायक संजय सिंह गंगवार का जन विश्वास यात्रा में प्रदर्शन बेहतरीन रहा और उन्हें फिर से पार्टी ने विस चुनाव 2022 में सदर सीट 127 पर अपना चेहरा बना दिया है। पूरनपुर सुरक्षित सीट पर भी वर्तमान विधायक बाबूराम पासवान को पार्टी ने टिकट देकर चुनावी रण में भेजा है। इनके अलावा बरखेड़ा विस में विधायक किशनलाल राजपूत का टिकट नेतृत्व ने काट कर स्वामी प्रवक्तानंद को दिया है।

स्वामी प्रवक्तानंद ने जिला पंचायत चुनाव में पार्टी के लिए अहम योगदान दिया था। इस टिकट को पुरस्कार स्वरूप माना जा रहा है। यही नहीं बीसलपुर विधायक अगयश रामसरन वर्मा ने अपने स्वास्थ्य कारणों से इस बार चुनाव लड़ने से इंकार किया था और टिकट अपने बेटे विवेक वर्मा के लिए मांगा था। संगठन व पार्टी ने उनकी मुराद पूरी कर दी है। ऐसे में भाजपा ने जिले में चारों ही सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर सभी तरह के संशय और ऊहापोह की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है।

भाजपा के प्रत्याशी

127 विस सदर में संजय गंगवार

128 विस बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद

129 विस पूरनपुर बाबूराम पासवान

130 विस बीसलपुर विवेक वर्मा

संगठन के निर्णय का स्वागत है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम चारों सीटों को जिता कर सदन तक भेजे। हम सब इस काम में आज से लग गए हैं।

- संजीव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें