ठगी करने वाला सीएमओ कार्यालय का बर्खास्त कर्मचारी गिरफ्तार
Pilibhit News - पीलीभीत में सीएमओ कार्यालय के बर्खास्त कर्मचारी अरुण मौर्या को नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने और उधार की रकम हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ितों ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने लाखों रुपये उधार लिए, जो चेक बाउंस हो गए।

पीलीभीत। सीएमओ कार्यालय में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपयों की ठगी करने और उधार की रकम हड़पने के आरोपी सीएमओ कार्यालय के बर्खास्त कर्मचारी को सुनगढ़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली और सुनगढ़ी थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। सीएमओ कार्यालय से बर्खास्त किए गए आयुष्मान भारत योजना में कार्यरत संविदा कर्मी अरुण मौर्या पर उधार के रुपये हड़पने और धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपी के खिलाफ दो रिपोर्ट थाना सुनगढ़ी पुलिस ने भी दर्ज की थी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खकरा निवासी नीलेश सक्सेना ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि नई बस्ती निवासी अरुण कुमार मौर्य ने उनसे जरूरत का हवाला देकर करीब साढ़े पांच लाख रुपये उधार लिए थे। रुपये मांगने पर आरोपी ने चेक दिया, जो बाउंस हो गया। शिकायत करने पर आरोपी के पिता रमाकांत मौर्य ने भी गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। दूसरे रिपोर्ट निरंजन कुंज कॉलोनी निवासी सुमित सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमे कहा गया था कि आरोपी अरुण कुमार मौर्य ने आयुष्मान भारत योजना में कार्यरत रहते हुए निजी परेशानी और व्यापार में नुकसान का बहाना बनाकर अलग-अलग किस्तों में 3,43,723 रुपये उधार लिए। इसके अलावा 13,970 रुपये का स्टेशनरी सामान भी उधार लिए थे। भुगतान के लिए दिए गए दो चेक भी बाउंस हो गए थे। रुपये मांगने पर आरोपी ने अपने पिता रमाकांत मौर्य, भाई पंकज मौर्य और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसे दुकान पर बुलाकर धमकाया था। साथ ही आईजीआरएस में की गई शिकायत वापस लेने का दबाव भी बनाया गया था। आरोपी के खिलाफ दो मुकदमे सुनगढ़ी थाने में भी दर्ज कराए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी अरुण मौर्य को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। उसको जेल भेज दिया गया है। आरोपी को सुनगढ़ी पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी सुनगढ़ी पहुंची और आरोपी से पूछताछ कर कागजी कार्रवाई की।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


