कॉलेज की प्रधानाचार्य पर छात्राओं से भेदभाव करने का आरोप
पूरनपुर में एक कॉलेज की प्रधानाचार्या पर छात्राओं से भेदभाव का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि हिंदू छात्राओं के माथे का टीका धुलवाया जाता है, जबकि अन्य धर्म की छात्राओं को छूट दी जाती है। इसके अलावा, अवैध वसूली और प्रबंधन में धांधली के आरोप भी हैं। जांच की मांग की गई है।

पूरनपुर। नगर के एक कॉलेज की प्रधानाचार्या पर छात्राओं से भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की गई है। आरोप है कि छात्राओं के माथे का टीका धुलवा दिया जाता है। स्कूल में एक समुदाय विशेष और कर्मचारियों को रखने का भी आरोप है। एमडीएम और आवदेन फार्म के नाम पर अवैध वसूली जैसे आरोपों की उच्च स्तरीय जांच कराने व प्रधानाचार्या का कॉलेज से स्थानांतरण कराने की मांग की गई है। नगर के मोहल्ला साहूकारा के रहने वाले राजेंद्र आर्य ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि कस्बे के एक कॉलेज में हिंदू छात्राओं से भेदभाव किया जाता है।
आरोप है प्रार्थना सभा में शामिल होने वाली छात्राओं के माथे पर लगा टीका धुलवा दिया जाता है। जबकि दूसरे धर्म की छात्राओं को छूट दी जा रही है। कॉलेज में अध्यापक और कर्मचारी भी समुदाय विशेष के रखे गए हैं। छात्राओं को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन भी धांधली की जा रही है। बीस बच्चों को योजना का लाभ देकर कागजों में सभी बच्चों को एमडीएम देना दिखाया जा रहा है। प्रवेश फार्म, छात्रवृत्ति फार्म और पीटीए के फार्म के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया गया है। लगभग चार साल पहले कॉलेज में खड़े पेड़ों को बिना टेंडर कटवाकर सरकारी धनराशि हड़प ली गई। अनावश्यक लोगों का कॉलेज में आना-जाना बना रहता है। इससे कॉलेज का अनुशासन और माहौल खराब हो रहा है। कॉलेज की संपत्ति खुर्द-बुर्द कर निजी स्वार्थ से ब्रिकी करने सहित कई गंभीर आरोपों की जांच कराकर प्रधानाचार्या को हटाने की मांग की गई है। सीडीओ एसपी मिश्रा ने बताया कि डीआईओएस से जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


