
गन्ना पीजी कॉलेज में लगा कृषि मेला, किसानों को किया गया जागरूक
Pilibhit News - पूरनपुर में गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय कृषि मेला आयोजित किया गया। किसानों को कृषि विभाग और अन्य अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई। विधायक बाबूराम पासवान और अन्य विशिष्ट लोगों ने उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न कंपनियों के स्टॉल और छात्रों के प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए, जिससे कृषकों को नई तकनीकों के बारे में जागरूक किया गया।
पूरनपुर। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय कृषि मेले का आयोजन किया गया। मेले में कई विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए। वहां आए किसानों को कृषि विभाग और अन्य अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई। कॉलेज की ओर से भी छात्रों ने अपने मॉडल पेश कर लोगों को जागरुक किया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक बाबूराम पासवान, गन्ना शोध संस्थान शाहजहांपुर के निदेशक विवेक कुमार शुक्ला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.सुधीर कुमार शर्मा, महाविद्यालय के अध्यक्ष खुशीराम भार्गव, महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष/जिला गन्ना अधिकारी शाहजहांपुर जितेन्द्र मिश्रा, महाविद्यालय के सचिव संजय श्रीवास्तव, एसबीआई के नितेश गुप्ता, महाविद्यालय के प्रबंधक नितिन दीक्षित, उपाध्यक्ष प्रबंध समिति प्रेम प्रकाश वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारीचन्द्र मोहन विश्नोई ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
प्राचार्य डॉ.शर्मा ने कहा कि कृषि मेले के आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों ,शोधार्थियों के साथ-साथ कृषकों को कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना आदि हैं। विधायक बाबूराम ने कहा कि महाविद्यालय एवं क्षेत्र का चौमुखी विकास उनका दायित्व है और लगातार प्रयास कर रहे हैं। गन्ना शोध संस्थान के निदेशक वीके शुक्ला ने कहा कि गन्ना विभाग क्वालिटी एजुकेशन के लिए हमेशा महाविद्यालय का सहयोग करने के लिए तैयार है। उन्होंने सहफ़सली खेती, वाइड रो स्पेसिंग खेती को बढ़ाने का परामर्श किया। मेले में इफको, कृभको, बॉयर, सिजेंटा, आईपीएल, पारिजात, एफएमसी आदि विभिन्न कंपनियों द्वारा फर्टिलाइजर्स, पेस्टिसाइड्स, एवं हर्बिजिट्स के स्टाल, शासन की योजनाओं की जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा स्टाल लगाया गया। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, एसबीआई ऋण, पशु चिकित्सा का काउंटर, जिला उद्यान केंद्र, जिला उद्योग केन्द्र एवं हर्बल पौधों की जानकारी के लिए विभिन्न काउंटर, पेस्टीसाइड्स, स्प्रेयर हेतु ड्रोन एवं विभिन्न उपकरण के काउंटर, गन्ना विभाग द्वारा गन्ने की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन, उनकी उपज एवं खेती में आ रही समस्याओं के समाधान की जानकारी के स्टॉल्स लगाए गए। बीएससी कृषि के छात्रों ने भी स्टॉल लगाकर अपने प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शित किया। महाविद्यालय के दोनों स्टॉल्स की सराहना हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




