ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी पिकअप, 13 लोगों की मौत
बागपत में देर रात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान से बदायूं लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

UP News: यूपी के बागपत में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के गोगामेड़ी से बदायूं लौट रही 32 सवारियों से भरी पिकअप बड़ा गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएसी और जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को दिल्ली रेफर किया गया।
राजस्थान के बांगड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य घायलों ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। डीएम ने डॉक्टरों को घायलों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। घायलों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एक छोटी पिकअप में 32 श्रद्धालु
हादसे में यह बात भी सामने आई है कि जिस छोटे पिकअप से श्रद्धालु सफर कर रहे थे, उसमें 32 लोग सवार थे। वाहन में जुगाड़ के जरिए ऊपर-नीचे बैठने की व्यवस्था की गई थी और बच्चे व महिलाएं भी उसमें सवार थे। यात्रियों को ले जाने के लिए निर्धारित नहीं होने के बावजूद इतने अधिक लोगों को इस वाहन में बैठाकर लंबी दूरी की यात्रा कराई जा रही थी। हादसे ने सड़क पर नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है।


