यूपी में पेट्रोल-डीजल की किल्लत या पैनिक बाइंग? बलरामपुर में पंप बंद, अयोध्या में लंबी-लंबी कतारें

लाइव हिन्दुस्तान, बलरामपुर/अयोध्या
Follow us on Google News
share

यूपी में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों के बीच पैनिक बाइंग जैसे हालात बन गए हैं। बलरामपुर में कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है, वहीं अयोध्या में ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।

Petrol and diesel shortage in UP many pumps in Balrampur closed long lines in Ayodhya

यूपी में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों के बीच पैनिक बाइंग जैसे हालात बन गए हैं। बलरामपुर में कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है, वहीं अयोध्या में ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि किसी तरह की कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग ज्यादा मात्रा में तेल भरवा रहे हैं, जिससे हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं।

बलरामपुर में बुधवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था। दस बजते बजते डीजल पेट्रोल को लेकर जिले में हाहाकार मच गया। जिला मुख्यालय के अधिकतर पेट्रोल पंप सुबह 10 बजे तक बंद हो चुके थे। तेल भराने वाले ग्राहक पंप से वापस लौट रहे थे। पंप पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। जो पंप खुले थे वहां ग्राहकों की भारी भीड़ थी। लोग वाहनों में पेट्रोल डलाने के लिए एक दूसरे से धक्का मुक्की कर रहे थे। 11 बजे तक मुख्यालय और उसके आस पास के पंपों पर पेट्रोल खत्म हो चुका था। डीजल लेने के लिए लोग पंपों पर गैलन लेकर पहुंचे थे। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से मिली सूचना के अनुसार हर जगह पंपों पर पेट्रोल डीजल लगभग खत्म हो गया है। जिससे लोग काफी परेशान दिख रहे है।

अयोध्या के पेट्रोल पंप पर लगी लाइन

अयोध्या में पेट्रोल पंपों पर अफवाहों के बीच लोग टंकी फुल कराने में जुट गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र से भी पेट्रोल डीजल स्टोर करने की खबरें हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन लगातार कर रहा अपील पेट्रोल-डीजल पदार्थों की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद अफवाह में आकर लोग पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।

बस्ती के पेट्रोल पंपों पर भी भीड़

बस्ती-अयोध्या हाईवे सीमा से जुड़े इलाकों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मंगलवार की रात अयोध्या और गोंडा जिले से उमड़े लोगों ने छावनी क्षेत्र के पंपों पर कतार लगाकर पेट्रोल भरवाया। कुछ लोग तो गैलनों में भी तेल लेकर गए। हालात ऐसे हो गए कि पुलिस बुलानी पड़ी और प्राइवेट सुरक्षा कर्मी लगाकर पेट्रोल दिया गया। छावनी क्षेत्र के पचवस स्थित कुमार फिलिंग स्टेशन के मैनेजर शिवम गोस्वामी के मुताबिक मंगलवार को 12 हजार लीटर तेल की आपूर्ति हुई थी, लेकिन अफवाह के चलते अचानक मांग कई गुना बढ़ गई। आम दिनों में जहां पांच से छह हजार लीटर प्रतिदिन बिक्री होती थी, वहीं बीते तीन दिनों से खपत दोगुनी हो गई है।

अयोध्या जिले में तेल की कमी की चर्चा फैलते ही लोगों में घबराहट बढ़ गई। रात से ही लोग गैलन में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे। बाइक और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जहां अधिकांश लोग टंकी फुल कराने में जुटे दिखे। इसी तरह विक्रमजोत, शंकरपुर, जमौलिया और छावनी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ का यही आलम है। दुबौलिया के खुशहालगंज स्थित राम-जानकी फिलिंग स्टेशन पर रात भर अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग अतिरिक्त तेल का स्टॉक करने में जुटे रहे, जिससे पंपों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी में पेट्रोल-डीजल की किल्लत या पैनिक बाइंग? बलरामपुर में पंप बंद