
लाठी-डंडे लेकर भिड़े लोग, जमकर चलाए पत्थर; यूपी के इस शहर में सुबह-सुबह बवाल
संक्षेप: बरेली में झगड़े की शुरुआत कूड़ा डालने को लेकर हुई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। लोगों ने बताया कि सुबह मोहनपुर वार्ड में रहने वाली सकीना बेगम रोज की तरह गांव के उस स्थान पर कूड़ा डालने गईं, जहां सभी ग्रामीण कूड़ा डालते हैं। सकीना बेगम ने घर जाकर पूरी बात अपने बेटों को बताई।
यूपी के बरेली में सुबह-सुबह बवाल हो गया। हाथों में लाठी-डंडे लिए लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर वार किए। पत्थरबाजी भी की। इस दौरान दोनों पक्षों के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पूरे बवाल की वजह था कूडा़। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।

घटना बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड नंबर एक की है। झगड़े की शुरुआत कूड़ा डालने को लेकर हुई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। लोगों ने बताया कि सोमवार की सुबह मोहनपुर वार्ड में रहने वाली सकीना बेगम रोज की तरह गांव के उस स्थान पर कूड़ा डालने गईं, जहां सभी ग्रामीण कूड़ा डालते हैं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले फखरुद्दीन और जलालुद्दीन ने कूड़ा डालने का विरोध करते हुए उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी।
सकीना बेगम ने घर जाकर पूरी बात अपने बेटों को बताई। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद सकीना के बेटे सरताज हुसैन, सद्दाम हुसैन, मेराज हुसैन, वसीम हुसैन और रियाज हुसैन जब काम पर जा रहे थे तो फखरुद्दीन ने अपने परिवार वालों के साथ उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में सकीना बेगम के परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के सलाउद्दीन ने बताया कि उनकी बुजुर्ग मां बरकाती घर के बाहर साफ सफाई करती हैं। उन्होंने कूड़ा डालने का विरोध किया था। इस पर आरोपियों ने लाठी डंडों और ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया ओर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, गांववालों का कहना है कूड़े की वजह से सबको दिक्कत होती है। लेकिन इसके चलते इस तरह एक-दूसरे को मारने-मरने पर आमादा हो जाना गलत है।





