Hindi NewsUP Newspda government will buy lamps worth crores akhilesh yadav say now amid controversy over statements about spending on diw
‘पीडीए सरकार खरीदेगी करोड़ों के दीये’, बार-बार खर्च वाले बयान पर विवाद के बीच अब क्या बोले अखिलेश

‘पीडीए सरकार खरीदेगी करोड़ों के दीये’, बार-बार खर्च वाले बयान पर विवाद के बीच अब क्या बोले अखिलेश

संक्षेप:

यूपी की सियासत में घमासान छिड़ा है। कोई भी चूकना नहीं चाहता। दीये-मोमबत्ती पर बार-बार खर्च वाले अखिलेश के बयान पर शनिवार को विवाद छिड़ गया। BJP और हिन्दूवादी संगठनों ने सपा को हिंदू विरोधी और इस सोच को कुम्हारों के खिलाफ बताया। वहीं अखिलेश यादव ने अपने ढंग से प्रजापति समाज को संदेश देने की कोशिश की।

Sun, 19 Oct 2025 02:47 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव समारोह से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दीपावली पर दीये और मोमबत्तियां जलाने को लेकर दिए गए बयान पर विवाद छिड़ गया। भाजपा और हिन्दूवादी संगठनों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रियाएं दीं है और सपा पर हिंदू विरोधी बातें फैलाने का आरोप लगाया है। अखिलेश के इस बयान को कुम्हारों के खिलाफ बताते हुए हिंदूवादी संगठनों के नेताओं ने कहा है कि सपा को दो दीयों की खरीद से अपना दिवाला निकलता दिख रहा है। वे अखिलेश यादव की पीडीए सियासत को ढकोसला बता रहे हैं। इस विवाद के बीच अखिलेश यादव का एक और बयान सामने आया है जिसमें वह उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनने पर प्रजापति समाज से हर दिवाली करोड़ों रुपए के दीये खरीदने का दावा करते नजर आ रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव ने लिखा- ‘उप्र के प्रजापति समाज के लिए हम ये संकल्प उठाते हैं कि 2027 की दिवाली पर पीडीए सरकार उनके करोड़ों रूपये के दीये ख़रीदेगी, जिनसे उनकी इतनी आमदनी हो सके कि उनके घरों में कई महीनों तक दिवाली का प्रकाश बना रहे।’

ये भी पढ़ें:दीये, मोमबत्ती पर क्यों खर्चा करना, दिवाली पर अखिलेश ने दिया कौन सा सुझाव

भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा मुखिया ने आगे लिखा, ‘आज की भाजपा सरकार दूर के तटीय राज्य के लोगों को ये काम देकर उप्र के प्रजापति समाज का हक़ मार रही है। हम चाहते हैं दीया भी उप्र का हो, बाती भी, तेल भी और रोशनी भी। भाजपा दीपोत्सव के ठेकों में उप्र के लोगों की उपेक्षा करके ‘दीया तले अंधेरा’ करने का पाप न करे।’ इसके साथ ही उन्होंने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारी कामना है कि सच्ची दिवाली का उजाला हर घर तक पहुंचे।

ये भी पढ़ें:अयोध्या में आज दीपोत्सव 2025 पर रचेगा इतिहास, बनेंगे ये दो नए वर्ल्ड रिकॉर्ड

क्या बोले थे अखिलेश जिस पर छिड़ा है विवाद?

अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में सपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि हमें अयोध्या में दीपोत्सव पर बार बार पैसा खर्च क्यों करना पड़ता है। हमें क्रिसमस से सीखना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि मैं कोई सुझाव नहीं देना चाहता, लेकिन भगवान राम के नाम पर एक सुझाव जरूर दूंगा कि पूरी दुनिया में क्रिसमस के दौरान सभी शहर जगमगा उठते हैं और यह महीनों तक चलता है, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि अयोध्या में और भी खूबसूरत रोशनियां हों।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh
अजय कुमार सिंह दो दशक से अधिक अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और टीवी होते हुए अब डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ीं खबरों को गहराई से कवर किया है। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |