फेसबुकिया प्यार के लिए लांघी थी सरहद, अब बेटे को जेल से छुड़ाने पाकिस्तान जाएंगे मां-बाप
पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद बादल बाबू को रिहा कराने के लिए उसके माता-पिता ने 17 मार्च को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। यहां से वे पहले दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास जाएंगे। वहां से वीजा प्राप्त करके पाक जाने की पूरी प्रक्रिया समझेंगे।

पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद बादल बाबू को रिहा कराने के लिए उसके माता-पिता ने 17 मार्च को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। यहां से वे पहले नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास जाएंगे। वहां से वीजा प्राप्त करके पाक जाने की पूरी प्रक्रिया समझेंगे। शनिवार को दोनों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया। करीब एक माह में पासपोर्ट बन जाएगा।
बरला के गांव खिटकारी निवासी बादल बाबू 27 दिसंबर 2024 को पाकिस्तान में गिरफ्तार हुआ था। फेसबुक पर एक युवती से दोस्ती के बाद उसके प्यार में उसने सीमा पार की थी। 30 अप्रैल को उसे एक साल कैद की सजा सुनाई गई, तभी से वह लाहौर जेल में है। उसके केस की पैरवी कर रहे करांची के अधिवक्ता फियाज रामे ने एक माह पहले वीडियो डालकर बताया कि बादल ने सजा पूरी कर ली है।
लेकिन, पांच हजार रुपये का जुर्माना नहीं भर पाने के चलते वह अतिरिक्त सजा काट रहा है। इसके बाद से बादल के माता-पिता लगातार अधिकारियों के समक्ष उसे वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। शुक्रवार को डीएम से आश्वासन मिलने के बाद शनिवार को पिता कृपाल सिंह व माता गायत्री देवी ने पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया। पिता ने बताया कि एक माह में पासपोर्ट बन जाएगा। 17 मार्च को वह पाकिस्तान जाएंगे। डीएम की ओर से मदद का भरोसा दिलाया गया है।
आश्वासन मिला, सुरक्षित है बेटा
बेटे के वापस आने की आस में माता-पिता के आंसू सूख चुके हैं। वे हर दिन अधिवक्ता के संदेश या वीडियो का इंतजार करते हैं। आखिरी बार बादल से 11 माह पहले बात हुई थीं। उस समय पाकिस्तान की कोर्ट में उसे पेशी पर लाया गया था। अधिवक्ता ने बात कराई थीं। उसके बाद अधिवक्ता ने कई बार बात कराने का भरोसा दिया, मगर बात नहीं कराईं। हिन्दुस्तान से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने हर स्तर पर गुहार लगाई। लेकिन, कहीं से कोई मदद नहीं मिली। अब जिला प्रशासन की ओर से रास्ता दिखाया गया है। आश्वासन दिया गया है कि आपका बेटा सुरक्षित होगा।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें


