मौत के मुंह से बेटे को खींच लाए मां-बाप, तेंदुए से भिड़ गए; तीसरी घटना से गांव में दहशत
मुरादाबाद में तेंदुए ने तीन साल के मासूम पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया। तेंदुए बच्चे को खींचकर ले जाने ही वाला था कि मौके पर मौजूद माता-पिता तेंदुए से भिड़ गए और मौत के जबड़े से बच्चे को खींच लिया। वहीं, क्षेत्र में बच्चे पर तेंदुए के हमले की यह तीसरी वारदात है।

UP News: यूपी के मुरादाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां दरियापुर गांव में शनिवार शाम तेंदुए ने तीन साल के मासूम पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया। तेंदुए बच्चे को खींचकर ले जाने ही वाला था कि मौके पर मौजूद माता-पिता तेंदुए से भिड़ गए और मौत के जबड़े से बच्चे को खींच लिया। क्षेत्र में बच्चे पर तेंदुए के हमले की यह तीसरी वारदात है, जिसने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
दरियापुर के रहने वाले सुनील कुमार शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी पत्नी विमलेश कुमारी और तीन वर्षीय बेटे हर्ष के साथ खेत पर थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हर्ष पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए के हमले से बच्चा बुरी तरह चीख पड़ा। इससे पहले कि तेंदुआ बच्चे को लेकर जंगल में ओझल होता, विमलेश और सुनील हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाकर तेंदुए पर टूट पड़े। इस पर तेंदुआ बच्चे को लहूलुहान छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल हर्ष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि तेंदुए के दांत लगने से बच्चे की गर्दन और शरीर पर गहरे घाव हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया।
तेंदुए की दहशत में खादर, तीसरी घटना से फूटा गुस्सा
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की शिथिलता के कारण खादर क्षेत्र में तेंदुए का आतंक चरम पर है। इससे पूर्व ग्राम महदूद कलमी में 2 वर्षीय सिदरा नूर और ग्राम मिश्रीपुर में 10 वर्षीय दीपांशी पर भी तेंदुआ हमला कर चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से किसानों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हमलावर तेंदुए को पिंजरा लगाकर नहीं पकड़ा गया, तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

