स्कूल में बच्चों के प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, अभिभावकों का हंगामा; प्रिंसिपल पर केस
सहमे बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ा तो परिवारवालों ने उनसे पूछताछ की। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। हैरान-परेशान अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह अभिभावकों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यह घटना, भोट थाना क्षेत्र के खूंटाखेड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में हुई। स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा बच्चों के प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, अश्लीलता और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। सहमे बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ा तो परिवारवालों ने उनसे पूछताछ की। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। बच्चों की बातें सामने आने के बाद हैरान-परेशान और गुस्साए अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह अभिभावकों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि मामले में पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और यदि वास्तव में बच्चों के साथ कुछ गलत हुआ है तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे उन्होंने प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं। बच्चों के मुताबिक स्कूल में गलती होने पर प्रिंसिपल उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर उनके प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ और अश्लीलता करते थे। घर पर शिकायत करने पर बच्चों के साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी।
अभिभावकों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व भी बच्चों ने शिकायत की थी, जिस पर स्कूल में वार्ता हुई थी। तब आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सुधार के बजाय बच्चों का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न जारी रहा। हंगामे की सूचना पर ब्लाक प्रमुख सरदार कुलवंत औलख और पूर्व ग्राम प्रधान जोगेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए व आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कब्जे में ली सीसीटीवी फुटेज
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने बताया कि अभिभावकों की तहरीर पर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली है और डीवीआर का डेटा कलेक्ट किया है। पिछले कुछ दिनों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाएगी। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में यदि कुछ भी गलत हुआ है तो दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उसे सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

