पलक मुच्छल को लेकर मथुरा में भड़के फैंस, अग्रसेन जयंती महोत्सव में हंगामा
मथुरा के बीएसए कॉलेज में आयोजित मेले में पलक मुच्छल की प्रस्तुति देखने के लिए हजारों लोग जुटे थे। अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इसी के तहत बीएसए कॉलेज में मेला आयोजित किया था। करीब 12 बजे आयोजकों ने पलक मुच्छल के नहीं आने की घोषणा की।

मथुरा, प्रमुख संवाददाता। मथुरा में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के समापन कार्यक्रम में गुरुवार रात गायिका पलक मुच्छल के नहीं पहुंचने पर हंगामा हो गया। बीएसए कॉलेज में आयोजित मेले में उनकी प्रस्तुति देखने के लिए हजारों लोग जुटे थे। देर रात कार्यक्रम निरस्त होने की घोषणा पर लोगों ने नाराजगी जताई और आयोजकों को घेरा। श्री अग्रवाल सभा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंति प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि गायिका के नहीं आने से समाज के लोगों के साथ धोखा हुआ है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी है। वहीं, इवेंट कंपनी के निदेशक अमित तिवारी का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान खानपान चलने के कारण गायिका ने प्रस्तुति देने से इनकार कर दिया था।
अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इसी के तहत बीएसए कॉलेज में मेला आयोजित किया था। गुरुवार रात गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति प्रस्तावित थी। उन्हें सुनने के लिए समाज के महिला-पुरुष और बच्चे शाम से ही पहुंचने लगे। कार्यक्रम शाम आठ बजे शुरू होना था, लेकिन लोग देर तक इंतजार करते रहे। रात करीब 10 बजे के बाद दर्शकों में रोष बढ़ने लगा। करीब 12 बजे आयोजकों ने पलक मुच्छल के नहीं आने की घोषणा की। इसके बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
इवेंट कंपनी के निदेशक अमित तिवारी के वीडियो बयान में उत्तर प्रदेश के माहौल को लेकर की गई टिप्पणी पर भी विवाद हुआ। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो में अमित तिवारी ने कहा कि देर रात प्रस्तुति कराने और कलाकार को रात दो से ढाई बजे तक मंच पर रखने को लेकर उन्हें चिंता थी। उन्होंने करीब पांच हजार लोगों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश में घटनाओं को लेकर कलाकारों की आशंका की बात कही। वीडियो के अंत में उन्होंने उत्तर प्रदेश को सुरक्षित महसूस कराने और कलाकारों के स्वागत की बात भी कही।
मंच से कहे गए अपशब्द
कार्यक्रम निरस्त होने की घोषणा के बाद दर्शकों में पलक मुच्छल के प्रति नाराजगी दिखी। इस दौरान मंच से भी उनके प्रति अपशब्द कहे गए। एक व्यक्ति ने माइक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
खानपान चलने के प्रस्तुति से इनकार
इवेंट कंपनी के निदेशक ने बताया कि पलक मुच्छल मथुरा पहुंचकर एक होटल में ठहरी थीं। उन्होंने पहले ही आयोजकों को स्पष्ट कर दिया था कि उनकी लाइव प्रस्तुति के दौरान खानपान नहीं चलना चाहिए। जब उन्हें मेले में खानपान जारी रहने की जानकारी मिली तो कार्यक्रम करने से इनकार कर दिया। आयोजकों ने खानपान के स्टॉल बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वहां लोग कूपन देकर भोजन ले रहे थे। स्टॉल संचालकों और आयोजकों के बीच इसे लेकर तीखी बहस हुई। लोगों का कहना था कि खानपान शुरू होने के बाद उसे बीच में बंद कराना उचित नहीं है।
रात 12:30 बजे प्रस्तुति उचित नहीं
इवेंट कंपनी आरोही इवेंट के निदेशक अमित तिवारी ने बताया कि कंपनी 12 अक्तूबर से मथुरा में थी। 12, 13 और 14 अक्तूबर को कार्यक्रम हुए, जिनमें सभी कलाकार पहुंचे। 15 अक्तूबर को पलक मुच्छल की लाइव प्रस्तुति प्रस्तावित थी। उन्होंने कहा कि आयोजकों को पहले ही बता दिया गया था कि कार्यक्रम के दौरान खानपान चलता रहा तो गायिका प्रस्तुति नहीं देंगी। उनके मुताबिक, पलक होटल पहुंच गई थीं और आयोजकों से खानपान बंद कराने को कहा गया था। कंपनी और आयोजकों ने प्रयास किया, लेकिन रात नौ बजे से 12 बजे तक कोई परिणाम नहीं निकला। अमित तिवारी ने कहा कि रात 12:30 बजे कलाकार को मंच पर लाकर रात दो से ढाई बजे तक प्रस्तुति कराना उचित नहीं था।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
श्री अग्रवाल सभा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अग्रसेन महोत्सव के तहत एक सप्ताह के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनका समापन गुरुवार को होना था। उन्होंने कहा कि पलक मुच्छल ने एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन किया है। इसमें सहयोगी पदाधिकारियों की गलती नहीं है। यह समाज के साथ धोखा है और लोगों में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि गायिका को दिए गए रुपये वापस लेने के साथ उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वकीलों से सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे। जयंती प्रसाद अग्रवाल ने पूरे अग्रवाल समाज से अपील की कि ऐसी गायिका को अपने यहां कार्यक्रम के लिए न बुलाएं। उन्होंने पलक मुच्छल के रवैये की निंदा की।


