
पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने डॉ. शाहीन को बनाया था कमांडर, दिल्ली विस्फोट की जांच में एक और खुलासा
पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने डॉ. शाहीन को यूपी का कमांडर बनाया था।दिल्ली विस्फोट की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। डॉ. शाहीन को यूपी में जम्मू-कश्मीर की तरह डाक्टरों का माडयूल तैयार करने की जिम्मेदारी दी थी।
दिल्ली विस्फोट की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। किस्तान में बैठे आकाओं ने डॉ. शाहीन को यूपी का कमांडर बनाया था। पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने डॉ. शाहीन को यूपी में जम्मू-कश्मीर की तरह डाक्टरों का माडयूल तैयार करने की जिम्मेदारी दी थी। वह कानपुर, सहारनपुर और लखनऊ समेत कई जिलों के डाक्टरों की मदद से अपने इस मिशन में लगी हुई थी। माना जा रहा है कि लखनऊ में वह अपने भाई डा. परवेज और उनके संपर्क में रहने वाले डाक्टरों से भी इसी को लेकर बातचीत करती रही।
डॉ. शाहीन का मिशन आगे बढ़ता, इससे पहले हथियारों के साथ उसकी कार फरीदाबाद पुलिस के हाथ लग गई और उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस व दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ लिया। एटीएस सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस उससे, डा. परवेज और डा. आदिल समेत कई लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि शाहीन अब टूट रही है। उसने उन कई सवालों का जवाब देना शुरू कर दिया है जिनसे वह बच रही थी।
परवेज के साथ आमना-सामना कराए जाने पर भी कई सच सामने आए। उसने इतना जरूर कुबूला कि वह भाई के परिचित डाक्टरों से अपना संपर्क बढ़ा रही थी। इसका मकसद पूछने पर उसने गोलमोल जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस से अभी तक मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने कई लोगों को रडार पर लिया है। इन जानकारियों को एनआईए से भी साझा किया गया है।
शाहीन के नेटवर्क को एनआईए भी पता कर रही
जम्मू-कश्मीर और यूपी एटीएस ने डा. शाहीन और उसके भाई डा. परवेज अंसारी के बारे में कई जानकारियां जुटा ली थी, लेकिन एनआईए अब नए सिरे से इस बारे में अपनी पड़ताल कर रही है। उसने मोबाइल की कॉल डिटेल और बैंक खातों के लेन-देन के आधार पर कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। एनआईए हर उस व्यक्ति से पूछताछ करने का प्रयास कर रही है, जो दिल्ली विस्फोट से कुछ दिन पहले और बाद में डा. शाहीन व परवेज के करीबियों के संपर्क में रहा हो। इस कड़ी में वह 50 से अधिक लोगों से पूछताछ भी कर चुकी है।
तीन टीमें लखनऊ, कानपुर और सहारनपुर में
एनआईए की तीन टीमें लखनऊ, कानपुर और सहारनपुर में डेरा डाले हुए है। ये टीमें लगातार शक के दायरे में आए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता कर रही है कि कौन-कौन ऐसे लोग है जिनका एक दूसरे से लगातार संपर्क बना रहा।





