गंडक नहर पर बनेगा एक और पुल, खर्च होंगे 4 करोड़ 86 लाख रुपये
Padrauna News - कुशीनगर में जाम से निजात और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए बलुचहां नहर के पास नए पुल का निर्माण होगा। लगभग 4.86 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा देगा। इसके अलावा, रामधाम पोखरा पर भी जर्जर पुल के पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिल गई है।

कुशीनगर। शहर को जाम से निजात दिलाने और जिला मुख्यालय तक आवागमन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अच्छी और राहत भरी खबर है। बलुचहां जाने वाली सड़क पर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर स्थित मौजूदा पुल के पास ही एक नए पुल के निर्माण को शासन ने मंजूरी दी है। करीब 4 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने के बाद शहर के बीच से होकर जिला मुख्यालय जाने की बजाय बलुचहां नहर पुल के रास्ते भिसवा लाला गांव होते हुए लोग मुख्यालय तक आसानी से पहुंच जाएंगे।बलुचहां नहर पुल लंबे समय से पडरौना शहर और आसपास के गांवों को जोड़ने का प्रमुख रास्ता रहा है।
जाम से बचकर जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए लोग इसी पुल के रास्ते भिसवा लाला गांव होकर मुख्यालय पर आते-जाते हैं। इसके अलावा पगरा, पांडेय देवरिया समेत कई गांवों के लोग इसी रास्ते आवागमन करते हैं। नहर पर बना वर्तमान पुल संकरा और सिंगल लेन होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर चार पहिया वाहनों के आमने-सामने आने पर आवागमन बाधित हो जाता है। इस समस्या को देखते हुए राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह की पहल पर नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव शासन तक पहुंचाया गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। प्रस्तावित पुल मौजूदा पुल के ठीक बगल में बनाया जाएगा, जिससे यातायात का दबाव कम हो सकेगा और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। नया पुल टू लेन का होगा। इससे एक साथ दोनों दिशाओं से वाहन आसानी से गुजर सकेंगे।---------रामधाम पोखरा पर नए पुल निर्माण का भी रास्ता साफ :शहर के दरबार रोड के रास्ते मंसाछापर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित रामधाम पोखरा के पास जर्जर पुल के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। वर्षों से यह पुल क्षतिग्रस्त थी और इसके निर्माण की मांग की जा रही थी। पिछले साल पुल का कुछ हिस्सा धंस गया था, जिसके कारण भारी वाहनों का आवागमन इस रास्ते से रोक दिया गया था। अब करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नए पुल के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


