आंगनबाड़ी केंद्र से बच्ची के अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर आरोपी फरार
Padrauna News - कुशीनगर जिले के नटवलिया गांव में एक चार वर्षीय बच्ची के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। बच्ची को स्कूल के गेट पर छोड़कर अभिभावक चले गए थे। मास्क पहने तीन लोगों ने बच्ची को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बच्चों के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने जांच की और घटना को मनगढ़ंत बताया।

अहिरौली राजा (कुशीनगर), हिन्दुस्तान संवाद। कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के गांव के कंपोजिट विद्यालय नटवलिया में शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाली चार वर्षीय बच्ची के अपहरण के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। बच्चों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रभारी प्रधानाध्यापिका की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। हालांकि, पुलिस ने अपहरण के प्रयास की घटना से इनकार करते हुए दावा किया है कि मनगढ़ंत कहानी बनाई गई थी। आंगनबाड़ी केंद्र गांव के कम्पोजिट विद्यालय नटवलिया के परिसर में संचालित है। प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह चार वर्षीय एक बच्ची के अभिभावक उसे विद्यालय के गेट पर छोड़कर घर वापस चले गए।
पहले से कुछ बच्चे परिसर में मौजूद थे। बच्चों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर पहले से मास्क लगाए तीन लोग मौजूद थे और बच्ची को पकड़ने का प्रयास करने लगे। यह देखकर कुछ बच्चे शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागे और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर लोग इकट्ठा हुए और आसपास तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। बच्ची डरी-सहमी है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर बच्चों ने शोर न मचाया होता तो घटना हो जाती। कुछ देर बाद प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूजा सिंह पहुंचीं और घटना की जानकारी यूपी 112 नम्बर पुलिस को दी। इसके बाद 112 नम्बर और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। गांव में दहशत के माहौल के साथ तरह-तरह की चर्चा हो रही है। हल्का दरोगा रघुनाथ गौतम ने बताया कि बच्ची सुरक्षित पाई गई। चोरी की नीयत से विद्यालय की बाउंड्री फांदकर लोग अंदर घुस गए थे। परिसर में लगा सोलर पैनल चुराने का मकसद हो सकता है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। इसमें अपहरण के प्रयास की बात सही नहीं पाई गई है। बच्ची को अभिभावक ने जबरदस्ती स्कूल पहुंचाया था। बच्ची ने मनगढ़ंत कहानी बनाई थी। कुंदन सिंह, सीओ, कसया
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


