सड़क की जगह धान देख एलडीए वीसी का पारा हाई, मौके पर निरीक्षक बर्खास्त, फटकारकर भगाया
राजधानी लखनऊ में एलडीए की नवविकसित आईटी योजना में जहां सड़क होनी चाहिए थी, जहां धान की फसल लहलहाती दिखाई दी है। इस पर एलडीए के उपाध्यक्ष इतने आक्रोशित हो गए कि राजस्व निरीक्षक को मौके पर ही बर्खास्तगी का आदेश दिया और वहां से भगा भी दिया।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। राजधानी लखनऊ में एलडीए की नव विकसित आईटी सिटी योजना में जिस जगह सड़क का निर्माण होना चाहिए था, उस पर धान की फसल लहलहाते मिली है। यह देख लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) उपाध्यक्ष (वीसी) प्रथमेश कुमार आक्रोशित हो गए। अधिकारियों और इंजीनियरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने चार इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जबकि सड़क पर धान लगवाने के मामले में रेवेन्यू इंस्पेक्टर सूर्यप्रकाश को मौके पर ही बर्खास्त करने का आदेश दिया। यही नहीं, उन्हें फटकारते हुए वहां से भगा भी दिया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद किसान से सवाल किया कि जब जमीन लैंड पूलिंग के तहत एलडीए के पास आ चुकी है तो प्रस्तावित सड़क की जमीन पर खेती कैसे की जा रही है। किसान ने बताया कि रेवेन्यू इंस्पेक्टर सूर्यप्रकाश ने ही उसे धान लगाने के लिए कहा था। यह सुनकर उपाध्यक्ष और नाराज हो गए। उन्होंने सूर्यप्रकाश को तत्काल बर्खास्त करने का आदेश दिया और वहां से फटकारते हुए भगाया।
दो महीने बाद भी जस का तस मिला काम
योजना के निरीक्षण में सड़क निर्माण समेत दूसरे विकास कार्यों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। दो महीने पहले जहां काम रुका हुआ था, मंगलवार को भी वहां स्थिति में खास बदलाव नहीं दिखा। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता निशांत को कड़ी फटकार लगाई। उन्हें योजना के काम से हटाने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सहायक अभियंता विनीत, उर्वशी और गौरव के खिलाफ भी प्रतिकूल प्रविष्ट जारी कर दी। इस तरह कुल चार इंजीनियरों पर कार्रवाई की गई।
इंजीनियरों ने बारिश को कारण बताया
इंजीनियरों ने काम रुकने के पीछे बारिश को वजह बताया, लेकिन मौके पर विकास कार्यों की स्थिति देखकर उपाध्यक्ष संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे जिसकी लापरवाही सामने आएगी, उस पर कठोर कार्रवाई होगी।
योजना में लगे पीसीएस अफसर भी निशाने पर
योजना का काम देखने वाले एक पीसीएस अफसर भी निशाने पर हैं। वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा कि सम्बंधित अफसर अवकाश पर थे। लेकिन योजना में जमीन अधिग्रहण से जुड़ी जिम्मेदारी उनकी थी। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एलडीए नवंबर-दिसंबर में आईटी सिटी योजना लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इसी सिलसिले में उपाध्यक्ष विकास कार्यों की प्रगति परखने पहुंचे थे। निरीक्षण में काम की धीमी रफ्तार सामने आने से योजना को समय पर तैयार करने को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शराब पीकर आता है इंजीनियर
वहीं, एलडीए का एक अधिशासी अभियन्ता शराब पीकर कार्यालय आता है। पूर्व में मुख्य अभियन्ता के जरिये भी उसे चेतावनी दी गयी थी। लेकिन उस पर असर नहीं हुआ। उपाध्यक्ष ने कहा कि उसे योजनाओं के सभी कामों से मुक्त किया जाएगा।

