
कुत्तों के झुंड ने मासूम को गेहूं के खेत में घसीटा, नोंच-नोंचकर मार डाला
संभल में रविवार शाम कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची की जान ले ली। खेत से घर लौट रही 9 वर्षीय बच्ची पर 20-25 खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्ते उसे घसीटकर गेहूं के खेत में ले गए और उसे नोंच डाला। जिससे उसकी मौत हो गई।
यूपी के संभल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव पोटा में रविवार शाम कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची की जान ले ली। खेत से घर लौट रही 9 वर्षीय बच्ची पर 20-25 खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्ते उसे घसीटकर गेहूं के खेत में ले गए और उसे जगह-जगह नोंचडाला। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, बच्ची की मौत हो चुकी थी।
गांव पोटा के रहने वाले बंटी की 9 वर्षीय बेटी रिया गौतम सरकारी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। रविवार शाम वह खेत से घर लौट रही थी। गांव के निकट शमशान घाट के पास पहुंचते ही कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्ते बच्ची को खींचकर पास के गेहूं के खेत में ले गए। बच्ची बचने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन कुत्तों ने उसे जगह- जगह से नोंच डाला।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिरसी चौकी प्रभारी सुधीर कुमार ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कुत्तों के हमले में 9 वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
बड़ी बेटी की मौत से पसरा मातम
बंटी की बेटी रिया परिवार में बड़ी थी। रविवार शाम कुत्तों के हमले में बड़ी बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। रिया का अब एक छोटा भाई बचा है। रिया के पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत के बाद पूरा परिवार सदमा में है। ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ते गांव में झुंड बनाकर रह रहे हैं और वह अचानक पशुओं छोटे जानवर पर हमला कर देते हैं। ग्रामीण भगा देते हैं लेकिन फिर वापस आ जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले ग्राम पोटा में बीस बकरियों और दस पशुओं भैंसों पर हमला भी किया है। लोगों ने बताया कि यह कुत्ते शमशान घाट के आस पास ही रहते है। कुत्तों की संख्या 20 से 25 बताई जा रही है। कुत्ते इससे पहले गांव के लोगों को कुत्ते काट चुके हैं।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



