भैया आ रहे हैं... आए थे तो कितने दंगे हुए? कानपुर में अखिलेश पर बरसे ओवैसी
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने कानपुर में सियासी मोर्चा खोल दिया। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि तुम्हारे भैया आ रहे हैं…आए तो कितने दंगे हुए थे? सपा सरकार में हुए मुजफ्फरनगर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 50 हजार लोग अपने घर-गांव से बेघर हुए थे।

UP News: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार रात कानपुर से सियासी मोर्चा खोल दिया। बाबूपुरवा ईदगाह मैदान में आयोजित जनसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि चुनाव आते ही भैया आ रहे हैं, का नारा दिया जा रहा है। चुटकी लेते हुए कहा, 'अच्छा, तुम्हारा भैया आ गया तो क्या हुआ था, कितने दंगे हुए थे?' उन्होंने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हुए मुजफ्फरनगर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 50 हजार लोग अपने घर और गांव से बेघर हुए थे। इतने तो बंटवारे के समय भी बंटवारे के समय भी लोगों को अपना घर नहीं खोना पड़ा था।
ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों ने जिन दलों को वोट दिया, उनसे अपने विकास और शिक्षा का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘बी टीम’ कहने वालों को यह बताना चाहिए कि, प्रदेश में मुसलमानों की मौजूदा स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है। एआईएमआईएम प्रमुख ने विपक्षी दलों को गठबंधन का प्रस्ताव देते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार नहीं चाहते। अगर विपक्षी दल भाजपा को रोकना चाहते हैं तो एआईएमआईएम से हाथ मिलाएं। कहा कि दो अक्टूबर तक इंतजार करेंगे। जिसके साथ गठबंधन होगा, ऐलान उसी दिन किया जाएगा।
मंच पर आते ही बेकाबू हुए कार्यकर्ता
ओवैसी के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मंच की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिससे बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी व पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग को पीछे की ओर धकेलकर संभाला और उसे टूटने से बचाया।
कब्रिस्तान की कार्रवाई पर सरकार को घेरा
जनसभा में ओवैसी ने बर्रा कब्रिस्तान में हुई कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने कब्रिस्तान में मौजूद कब्रों को ध्वस्त किया गया। सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2024 के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि किसी निर्माण को हटाने से 15 दिन पहले नोटिस देना चाहिए, फिर जवाब और सुनवाई की प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। आरोप लगाया कि, यहां कार्रवाई के लिए सिर्फ एक दिन का समय दिया गया।
जनप्रतिनिधियों से जनता मांगे हिसाब
ओवैसी ने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दल लोगों को पुराने डर दिखाकर वोट मांगते हैं। उन्होंने कहा कि, जनता को सिर्फ वोटर बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने जनप्रतिनिधियों से शिक्षा, सड़क, अस्पताल और विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने सैफई में मेडिकल कॉलेज और एयरस्ट्रिप का जिक्र करते हुए आजमगढ़ में विकास कार्यों को लेकर सपा पर सवाल उठाए।
जेन जी के कंधों पर देश का भविष्य
युवाओं को साधते हुए ओवैसी ने कहा कि, जंतर-मंतर में हुए जेन-जी के आंदोलन ने मोदी का मंत्री बदल दिया। आने वाले समय में देश का भविष्य उनके हाथों में होगा। उन्होंने युवाओं से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि, उनकी पार्टी विधानसभा में मुस्लिम समाज की आवाज को मजबूती से उठाना चाहती है। ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हुई मुलाकात का जिक्र किया।

