20 मार्च से एक महीने के लिए बंद रहेगा गोरखपुर का यह ओवरब्रिज, इधर से गुजरेंगी गाड़ियां
गोरखपुर में 20 मार्च से गोरखनाथ पुराना ओवरब्रिज पर यातायात प्रतिबंधित हो जाएगा। इस दौरान सभी वाहनों को गोरखनाथ के नए ओवरब्रिज से आना-जाना होगा। ओवरब्रिज पर यातायात बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

यूपी के गोरखपुर में तीन दिन बाद यानी 20 मार्च से गोरखनाथ पुराना ओवरब्रिज पर यातायात प्रतिबंधित हो जाएगा। इस दौरान सभी वाहनों को गोरखनाथ के नए ओवरब्रिज से आना-जाना होगा। ओवरब्रिज पर यातायात बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मरम्मत होने के बाद ओवरब्रिज की मियाद और बढ़ जाएगी।
लोक निर्माण विभाग खंड-3 ने एक माह तक यातायात व्यवस्था को एसपी ट्रैफिक को पत्र लिखा है। गोरखनाथ ओवरब्रिज पर एक माह तक कोई भी वाहन नहीं जाएगा। एक नया ओवरब्रिज बनने के बाद गोरखनाथ क्षेत्र में ट्रैफिक वन वे हो गया था लेकिन मरम्मत के दौरान लोगों को एक ही ओवरब्रिज से जाना होगा। गोरखपुर सोनौली हाईवे स्थित गोरखनाथ मार्ग पर 1980 में रेलवे ओवरब्रिज बनाया गया था।
इस मामले में लोनिवि के अधियाशी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि गोरखनाथ पुल में मरम्मत करना आवश्यक है। निर्धारित समय के भीतर मरम्मत कार्य पूरा किया जाएगा। ओवरब्रिज की मरम्मत के बाद दोनों ओवरब्रिज से यातायात व्यवस्था दोबारा शुरू हो जाएगी।
आज बाघागाड़ा से डायवर्ट होंगे भारी वाहन
शहर में मंगलवार से यातायात व्यवस्था बदल जाएगी। बस, ट्रक, टैंकर सहित अन्य भारी वाहनों को बाघागाड़ा से कुशीनगर-लखनऊ हाईवे की ओर डायवर्ट कर दिया, जबकि कार, ऑटो, बाइक सहित हल्के वाहन नौसढ़ होते हुए राजघाट पुल पार करके शहर में जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस ने अमरूद मंडी स्थित हार्बर्ट बांध के पास कट को भी बंद करने का निर्णय लिया है। अब राजघाट पुल को पार करने वाले वाहनों को ट्रांसपोर्टनगर से पहले एक ओर से दूसरी ओर जाने का रास्ता नहीं मिलेगा। डायवर्जन के दौरान जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी की है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र पाटिल ने डायवर्जन लागू होने से एक दिन पहले सोमवार को निरीक्षण की व्यवस्था देखी। लोक निर्माण विभाग खंड-तीन के इंजीनियरों ने बताया कि मरम्मत के दौरान एक माह तक हल्के वाहनों को एक लेन से जाने की अनुमति होगी। डायवर्जन के दौरान भारी वाहनों को बाघागाड़ा, कड़जहां से मुड़कर देवरिया बाईपास होते हुए शहर में भेजा जाएगा। बाघागाड़ा से कचहरी या रेलवे बस स्टेशन की दूरी करीब 32 किमी दूरी होगी। नौसढ़ से यह दूरी महज पांच किमी है। डायवर्जन के बाद दूरी बढ़ने पर यात्रियों को यात्रा में अधिक समय लगेगा जबकि किराया भी अधिक खर्च करना होगा।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ का कहना है कि वाराणसी और लखनऊ हाईवे सहित अन्य रूटों से आने भारी वाहनों को बाघागाड़़ा से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि हल्के वाहन राजघाट पुल पर जा सकेंगे। अमरूद मंडी स्थित हार्बर्ट बांध के कट को भी बंद किया गया है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

