
दबंगों ने तमंचे के बल पर युवक को किया अगवा, पीटने के बाद जबरन पेशाब पिलाया
गोरखपुर में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनबढ़ से युवक को जबरन कार में बैठाकर एकांत स्थान पर ले गए, वहां तमंचे के बट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के साथ ही जबरन पेशाब पिलाया।
यूपी के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां सहजनवा क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनबढ़ रुस्तमपुर से युवक को जबरन कार में बैठाकर नौसढ़ में एकांत स्थान पर ले गए, वहां तमंचे के बट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के साथ ही जबरन पेशाब पिलाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़ित को वहीं छोड़कर फरार हो गए। उसकी तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और पांच से छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुस्तमपुर दुर्गा चौक निवासी युवक ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह पढ़ाई के साथ नौकरी भी करता है। बीते 24 जनवरी की रात एक परिचित ने उसे किसी जरूरी काम के बहाने बुलाया और जबरन वाहन में बैठा लिया। उसमें पहले से आधा दर्जन से अधिक युवक मौजूद थे। विरोध करने पर उसे किसी काम के लिए ले जाने की बात कहकर जबरन बैठाए रखा। इस दौरान आरोपी वाहन नौसढ़ के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां वाहन से उतारकर पहले सिगरेट से उसका हाथ जलाया।
इसके बाद एक आरोपी तमंचे के बट से सिर पर वार करता रहा। अन्य लोग बेल्ट और कड़े से बेरहमी से पिटाई करते रहे। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन पेशाब पिलाने के अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गौरव राय, प्रखर राय, अनुराग के अलावा पांच से छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



