बसपा नेता और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने का आदेश, सलमान गैंग पर भी ऐक्शन
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने का आदेश दिया गया है। भूरा को कोतवाली पुलिस ने एक दिन पहले ही फायरिंग के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया था, जहां से उसे जेल भेजा गया था।

Meerut News: यूपी के मेरठ में बसपा नेता और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने का आदेश दिया गया है। भूरा को कोतवाली पुलिस ने एक दिन पहले ही फायरिंग के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया था, जहां से उसे जेल भेजा गया था। दूसरी ओर, सलमान गैंग के तमाम सदस्यों और गुर्गों पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया गया है और सभी का क्राइम रिकार्ड और हिस्ट्रीशीट बनाने का आदेश दिया गया है। सात दिन में रिपोर्ट आला अधिकारियों ने मांगी है। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की तलवार भी लटक गई है।
कोतवाली के सराय बहलीम निवासी हाजी याकूब कुरैशी पूर्व मंत्री और बसपा नेता हैं। याकूब के बेटे फिरोज उर्फ भूरा ने दो दिन पहले कोतवाली के सराय बहलीम निवासी हाजी असलम पहलवान के घर पर पहुंचकर पिस्टल लहराकर धमकी दी और फायरिंग की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फिरोज उर्फ भूरा, अदनान निवासी इस्लामाबाद और एक अन्य के खिलाफ कातिलाना हमले का मुकदमा दर्ज किया था।
अदनान की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
फिरोज को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली गई और उसे कोर्ट के सामने पेश किया गया। इसी मामले में कोर्ट ने भूरा को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। दूसरी ओर, पुलिस अदनान की तलाश में दबिश भी दे रही है। इसी मामले में पुलिस अधिकारियों ने अब फिरोज उर्फ भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने का आदेश दिया है। सात दिन में रिपोर्ट मांगी है। भूरा पर फिलहाल 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इतना ही नहीं, पता किया जा रहा है कि पिस्टल भूरे के पास कहां से आई थी।
सलमान गैंग और असलम पर भी शिकंजा
पुलिस अधिकारियों ने सलमान गैंग में शामिल कुछ युवकों और असलम पर भी शिकंजा कस दिया है। दरअसल, फिरोज उर्फ भूरा के जेल जाने के बाद सलमान गिरोह के शूटरों ने हापुड़ अड्डा, गोलाकुआं और जाकिर कॉलोनी में बाइकों पर स्टंटबाजी की। इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसी को लेकर सभी आरोपियों की पहचान करने, हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा अधिनियम में कार्रवाई के लिए टीम को लगाया गया है। लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीधे का आदेश दिया गया है। मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि फिरोज उर्फ भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए आदेश दिया गया है। दूसरी ओर, सलमान गिरोह के शूटर और बाकी सदस्यों पर भी गुंडा अधिनियम और हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई कराई जा रही है।


