मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और युवक पक्ष के बीच बवाल, मारपीट के बाद इमरजेंसी सेवा ठप

Newswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

Orai News - उरई, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सोमवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और युवक पक्ष के बीच बवाल, मारपीट के बाद इमरजेंसी सेवा ठप

उरई, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सोमवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गई कि जब इलाज कराने पहुंचे एक युवक का ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि युवक खुद को एक विधायक का करीबी बताते हुए दबाव बनाने लगा और कुछ ही देर में अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद डॉक्टरों और युवक पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्षों की ओर से कुर्सियां और अन्य सामान तक फेंके गए। घटना से मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों

के मुताबिक एक युवक देर रात एक युवती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचा था। इलाज को लेकर ड्यूटी डॉक्टर से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते युवक आक्रोशित हो उठा और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। थोड़ी ही देर में कई युवक मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और डॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर अन्य डॉक्टर और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान इमरजेंसी वार्ड में भगदड़ जैसे हालात बन गए। मरीज और उनके तीमारदार जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। हंगामे के दौरान कुर्सियां फेंकी गईं और अस्पताल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से पूछताछ की। घटना में डॉक्टर आरके सिंह समेत दो डॉक्टर घायल हुए हैं। हालांकि दोनों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन घटना से डॉक्टरों में भारी नाराजगी व्याप्त है। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि आए दिन अस्पताल में उनके साथ अभद्रता और दबाव बनाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल की चेतावनी दे दी, जिसके चलते मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित हो गईं। इमरजेंसी सेवा बाधित होने से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई मरीज घंटों तक उपचार के इंतजार में बैठे रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जिस युवक से विवाद हुआ उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।