
अंडा गांव में घुटनों तक भरा पानी, ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग किया जाम
Orai News - कोंच के गांव में बारिश और तालाब ओवरफ्लो होने से जलभराव की समस्या के चलते ग्रामीणों का सब्र टूट गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने एट-कोंच मुख्य मार्ग पर धरना दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी के स्थायी समाधान की मांग की है।
कोंच। बारिश और तालाब ओवरफ्लो होने से गांव में जलभराव और बदहाली को लेकर रविवार को ग्रामीणों का सब्र टूट गया। सैकड़ों ग्रामीण एट-कोंच मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने सड़क पर झाड़ झांकड़ रख दिए। इससे घंटों आवागमन बाधित रहा। महिलाओं और बच्चों को पैदल सफर करना पड़ा। मामले की जानकारी पर काफी देर बाद प्रशासन के कुछ अफसर पहुंचे। कोंच क्षेत्र के अंडा में बारिश से हुए जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार सुबह 10 बजे कोंच-एट मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश से खेतों में पानी भर गया और तालाब ओवरफ्लो होने से सारा पानी गलियों और घरों तक पहुंच गया।
पूरे गांव में घुटनों तक पानी भरा है, इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया जल निकासी की समस्या को लेकर अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं निकाला गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर झाड़-झंखाड़ डाल कोंच-एट रोड को अवरुद्ध कर दिया, इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था करने और स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन और तेज करेंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जाम की खबर के काफी घंटे बाद प्रशासन और प्रभारी तहसीलदार जितेन्द्र कुमार पहुंचे। लेकिन ग्रामीण नाराज़गी ज़ाहिर करते रहे। मौके पर काजू पटेल, श्यामजी, नितिन पालीवाल, कार्तिक पटेल राम महाराज, चन्द्र सिंह, राधेश्याम यादव, संजय, रामु, अंकित, रोहित, मंगल, कमलेश, शरमन, सुभाष अंडा, उत्तम सिंह व रोहित तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। -------- ब्लाक प्रशासन की लापरवाही से जाम लगाने पर मजबूर हुए कोंच। गांव के बाशिंदे ब्लाक के अफसरों से लेकर स्थानीय प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार गांव की समस्या को बता चुके हैं लेकिन किसी ने उनकी परेशानी को हल नहीं किया और आखिरकार उनके सब्र का बांध टूट गया। -------- दो किमी पैदल चलकर गए मुसाफिर कोंच। एट रोड पर अंडा गांव में लगे जाम में फंसे वाहनों से कुछ मुसाफिर बसों से उतर पैदल सतोह और कोंच की ओर दो किमी दूरी तय करनी पड़ी। परेशान मुसाफिरों में शमशाद खान, शहनाज़ बेगम, अनिल कुमार, और अंगूरी देवी ने बताया कि गांव की समस्या का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। ------- तालाब का पानी ओवरफ्लो हो गया था जो गांव में भर गया। गांव में कोई नाला नहीं है, सरकारी अभिलेखों में देखा जाएगा अगर नाला है तो उसे बनवाया जाएगा। नाला नहीं है तो किसानों को सहयोग करना चाहिए और खेतों से कुछ जगह दें ताकि जल निकासी की व्यवस्था की जाए। -जितेन्द्र कुमार पटेल, प्रभारी तहसीलदार कोंच

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




