
यूपीसीए ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 11 जनवरी से
Orai News - उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने 2026-27 सत्र के क्रिकेट ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 11 जनवरी से शुरू करने की घोषणा की है। खिलाड़ियों को यूपीसीए के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण शुल्क 400 रुपए है, और सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सत्र 2026-27 में आयोजित किए जाने वाले सभी क्रिकेट ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 11 जनवरी से प्रारंभ की जाएगी। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से यूपीसीए के आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कराना होगा। पोर्टल पर पंजीकरण पूर्ण होते ही प्रत्येक खिलाड़ी की यूनिक पंजीकरण आईडी स्वतः तैयार हो जाएगी। जिला क्रिकेट संघ जालौन के सचिव एवं यूपीसीए मीडिया कमेटी के सदस्य विकास कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकरण के दौरान खिलाड़ी को अपना नाम, पता, पिता का नाम, आयु, जनपद एवं आयु वर्ग से संबंधित समस्त जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण शुल्क 400 रुपए निर्धारित किया गया है, जिसका ई-चालान पोर्टल से ही प्राप्त होगा। ई-चालान की प्रति निकालकर खिलाड़ी को झांसी रोड स्थित उरई क्रिकेट एसोसिएशन कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। साथ ही पंजीकरण के समय खिलाड़ी को अपना वर्तमान पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा। विकास शर्मा ने खिलाड़ियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि फॉर्म को अंतिम रूप से सेव करते समय एसोसिएशन के विकल्प में जालौन का ही चयन करें, क्योंकि एक बार एसोसिएशन चयन होने के बाद उसमें परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा और भविष्य में ट्रायल के समय समस्या उत्पन्न हो सकती है। यूपीसीए पोर्टल पर यह पंजीकरण प्रक्रिया लगभग 15 दिनों तक जारी रहेगी। नियमों के अनुसार खिलाड़ी एक से अधिक निर्धारित आयु वर्ग में पंजीकरण करा सकता है, लेकिन एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही खिलाड़ी का पंजीकरण मान्य होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




