उरई में रिश्वतखोरी में कानूनगो समेत दो गिरफ्तार, तहसील कर्मियों की टीम से छीनाझपटी
Orai News - उरई। संवाददाता कानूनगो और प्राइवेट कर्मी के शुक्रवार दोपहर दस हजार रुपये की रिश्वत
उरई। संवाददाता कानूनगो और प्राइवेट कर्मी के शुक्रवार दोपहर दस हजार रुपये की रिश्वत में गिरफ्तार होते ही उरई तहसील में हंगामा खड़ा हो गया। तहसील कर्मचारियों ने पकड़े गए कानूनगो को छुड़ाने का प्रयास किया। इस छीनाझपटी में एंटी करप्शन टीम के एक सिपाही की उंगली में चोट लग गई। बावजूद इसके टीम कानूनगो और उसके सहयोगी को उरई कोतवाली ले गई। हालांकि बवाल की आशंका के चलते दोनों को एट थाने ले जाया गया। टीम प्रभारी ने कानूनगो और प्राइवेट कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी और इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर झांसी ले गई। बताया जा रहा है कि किसान से यह रिश्वत हदबंदी के नाम पर ली जा रही थी।उरई
तहसील क्षेत्र के ग्राम ऐरी रमपुरा निवासी अनिल राजपूत को जमीन की हदबंदी करानी थी। इसके लिए उसने तहसील में आवेदन किया था। फाइल पूरी तैयार होने के बाद 30 अप्रैल को कानूनगो संदीप कुमार तिवारी निवासी ग्राम मौदहा मराठीपुरा थाना मौदहा हमीरपुर हाल पता गोविन्दम स्वीट हाउस के पीछे कालपी बस स्टैण्ड के पास पहुंच गई। आरोप है कि कानूनगो ने अनिल से कहा कि उसकी हदबंदी करा दी जाएगी पर इसके एवज में 15 हजार रुपये लगेंगे। इसके बाद 10 हजार रुपये देने में सहमति बन गई। इधर कानूनगो से परेशान अनिल ने मंगलवार को झांसी एंटी करप्शन टीम के इंचार्ज श्याम सिंह से शिकायत कर दी। योजना के तहत शुक्रवार दोपहर जैसे ही कानूनगो संदीप कुमार को किसान अनिल ने रिश्वत दी एंटी करप्शन टीम ने धर दबोचा। टीम के पकड़ते ही संदीप ने रुपये अपने साथी राजेन्द्र प्रसाद उर्फ लम्बरदार निवासी ग्राम व थाना कोटरा की तरफ फेंक दिए। इस पर एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो व उसके साथी को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाने लगी। यह देख तहसील स्टाफ के करीब आधा सैकड़ा से अधिक कर्मचारी आ गए। उन्होंने टीम के सदस्यों से झड़प करते हुए कानूनगो को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान टीम के सिपाही दयाशंकर की उंगली में चोट आ गई। इसके बाद टीम के सदस्य कानूनगो को लेकर पहले उरई कोतवाली आई पर बवाल की आशंका के चलते फिर टीम एट थाने ले गई। वहां कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम दोनों को अपने साथ झांसी ले गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


