
38 सड़कों को दुरुस्त कराएगा लोक निर्माण विभाग
Orai News - उरई में भारी बारिश के कारण सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने 38 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये मरम्मत कार्य जल्द शुरू होगा ताकि ग्रामीण संपर्क...
उरई। बारिश में ध्वस्त हुई सड़कों की हालत में सुधार को लेकर कवायद तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग खंड तीन 38 सड़कों में विशेष मरम्मत का कार्य कराएगा। शासन द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्दी ही इस पर काम शुरू होगा। इस बार बंपर बारिश से सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है। उसमें खास तौर पर ग्रामीण संपर्क मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़कों पर वाहन चलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग एक और जहां सड़कों की गड्ढामुक्ति के काम जुटा हुआ है वहीं विशेष मरम्मत के तहत सड़कों की गड्ढामुक्ति के साथ ही उनका डामरीकरण भी कराया जाएगा जिससे लंबे समय तक लोगों को इन सड़कों का लाभ मिल सके।

लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड 3 के अंतर्गत शासन द्वारा जिन सड़कों की विशेष मरम्मत कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है इनमें करमुखा से लोहई, कालपी मदारीपुर से उरकरा, हमीरपुर कालपी, उरई चुर्खी पाल सरेनी संपर्क मार्ग, सिरसा लहर कनार से उरगांव मार्ग से देकर तमाम सड़कें ऐसी है जिनको विशेष मरम्मत के तहत स्वीकृत किया गया है। इनके लिए अलग-अलग धनराशि का प्रावधान भी किया गया है। शासन द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी महीने टेंडर होने के बाद दो माह के अंतराल में सभी सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन के अनुसार महेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही विशेष मरम्मत के तहत गड्ढामुक्ति के साथ ही संबंधित सड़कों को डामरीकृत कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




