
कारागार में बंदियों को बताया स्वच्छता का महत्व
Orai News - उरई जिला कारागार में बंदियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया गया। जेल अधीक्षक ने रसोईघर और भण्डार गृह का निरीक्षण किया, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
उरई। जिला कारागार में निरूद्ध बंदियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य सेजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें उनको भोजन की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारियां दी गईं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैयालाल यादव व कारागार चिकित्साधिकारी डा सर्वेश कुमार ने रसोई घर में कार्यरत बंदियों को दिशा निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए बताया कि बालों की सफाई, नाखूनों का छोटा व स्वच्छ होना तथा बर्तनों की पूर्ण स्वच्छता ही सुरक्षित एवं शुद्ध भोजन की पहचान है।
जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत जेल अधीक्षक नीरज देव ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ कारागार के रसोईघर एवं खाद्यान्न भण्डार गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रसोईघर, भण्डार गृह एवं उपयोग में लाए जा रहे बर्तनों की गहनता से जांच की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं दुरुस्त पाई गईं। जिला कारागार उरई प्रशासन की यह पहल सर्दी के मौसम के दृष्टिगत बंदियों को स्वच्छ, ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कदम है। कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, उप कारापाल खाद्य प्रभारी अमर सिंह, उप कारापाल सर्किल इंचार्ज रामलखन सहित अन्य कारागार स्टाफ उपस्थित रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




