रिनियां रेलवे ट्रैक पर फंसा मौरंग लदा ट्रक, ठप रहा रेल यातायात
Orai News - उरई में रिनियां रेलवे क्रासिंग पर एक ट्रक फंस गया, जिससे आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। कुशीनगर एक्सप्रेस को 35 मिनट तक रुकना पड़ा। आरपीएफ ने ट्रक को निकाला और चालक पर कार्रवाई की। यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा के लिए उचित प्रबंधों की मांग की।

उरई। शहर से करीब पांच किमी दूर स्थापित रिनियां रेलवे क्रासिंग के ट्रैक पर ट्रक फंस गया। लाइन पर ट्रक के अचानक बंद होने से आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। कुशीनगर एक्सप्रेस काफी देर तक फंसी रही। हालांकि सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रक को निकलवाया और चालक पर रेल यातायात बाधित करने के मामले में कार्रवाई की है। शुक्रवार भोर डकोर क्षेत्र से मौरंग भरकर औरैया जा रहा ट्रक 179 रिनियां रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा। जैसे ही चालक ट्रैक से ट्रक निकालने लगा, तभी लाइन के बीचोंबीच ट्रक बंद हो गया। चालक ने खूब प्रयास किया, पर चालू नहीं हुआ।
जब गेटमैन ने यह देखा तो आनन फानन में कंट्रोल व समीप स्टेशन के अधिकारियों को सूचित किया। इसी बीच 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस जो गोरखपुर से आ रही थी, वह 35 मिनट उरई स्टेशन पर खड़ी रही। घटना सुबह 4.5 मिनट की है। सूचना मिलने पर दारोगा कोमल सिंह, कांस्टेबिल नरेंद्र कुमार हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी बुलाकर ट्रक को ट्रैक से निकाला, तब कहीं जाकर रेल यातायात बहाल हुआ।आरपीएफ के अनुसार ट्रक को थाने में खड़ा किया गया है। चालक श्रीकांत निवासी औरैया के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई है। ------- कुशीनगर एक्सप्रेस की देरी से यात्रियों में दिखी नाराजगी उरई। आधे घंटे से अधिक कुशीनगर एक्सप्रेस के लेट होने का खामियाजा रेल यात्रियों को भुगतना पड़ा। यात्री रामदास, गुलाटी आदि ने बताया कि जब भी क्रासिंगों पर घटनाएं होती हैं। यात्रियों पर असर पड़ता है। इनकी रोकथाम के लिए उचित बंदोबस्त किए जाने चाहिए। ------ समय, समय पर की जाती कार्रवाई आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार का कहना है कि जब भी इस तरह के मामले सामने आते हैं। आरपीएफ त्वरित कार्रवाई करता है। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


