
बीएसएफ के रिटायर कर्मी और किसान के घर से लाखों की चोरी
Orai News - तरसौर में गुरुवार रात चोरों ने रिटायर बीएसएफ कर्मी और एक किसान के घर में घुसकर लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नकदी और गहने चुराए। घटना से ग्रामीणों में दहशत है, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरसाकलार। तरसौर में गढ़ी में गुरुवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने रिटायर बीएसएफ कर्मी और एक किसान के घर में घुसकर लाखों का माल पार कर दिया। एक ही रात दो घरों में हुई चोरी से ग्रामीणों में दहशत है। जबकि, मौके पर पुलिस ने पहुंच कर जांच पड़ताल की है। तरसौर में गांव के बाहर गढ़ी बनी है। वहां पर कुछ परिवार बसे हैं। शुक्रवार रात चोर गढ़ी के रास्ते से हरेंद्र बहादुर सिंह सेंगर के घर में घुस गए। वह बीएसएफ से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके घर में घुसकर चोरों ने कमरे का ताला तोड़ा।
इसके बाद अलमारी व बक्सा को तोड़कर 20 हजार रुपये की नकदी, दो तोले के हार, मंगलसूत्र, झुमकी समेत करीब तीन लाख रुपये के गहने चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने कुछ ही दूर रहने वाले किसान सुरेंद्र बहादुर सिंह के घर को निशाना बनाया जो धान बेचकर आए थे और घर के बक्से में 80 हजार रुपये रख दिए थे। चोरों ने उनके घर में घुसकर कमरों के ताले तोड़कर एक लाख रुपये के जेवरात व 80 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के साथ ही सामान पूरे कमरों में बिखरा दिया। इसके बाद चोर लला सेंगर के घर में घुसे व दो दरवाजों के ताले भी तोड़ दिए लेकिन वहां से कोई सामान चोरी नहीं कर सके। चोर एक बक्सा साथ ले गए थे जिसे खेत में फेंक दिया था। शुक्रवार की सुबह जब दोनों परिवार के लोग जागे और घरों में बिखरा सामान देखा तो चोरी की जानकारी हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ शैलेंद्र कुमार वाजपेयी, थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच जांच की। थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है जल्द ही राजफाश किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




