Orai News: दुकान का शटर काटकर लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
Orai News: उरई के कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक सराफ की दुकान का शटर काटकर लाखों रुपये के चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। दुकान के मालिक ने सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर दुकान पहुंचकर चोरी की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Orai News: उरई। संवाददाता शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार रात एक सराफ की दुकान का शटर काटकर लाखों रुपये के चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। सुबह शटर कटी देख पड़ोसियों ने दुकानदार को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुशील नगर निवासी पवन कुमार सोनी की सराफ की दुकान मॉर्निंग स्टार स्कूल के पास स्थित है। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में अज्ञात चोर शटर काटकर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान में रखी छह चांदी की पायल, पांच गाय की मूर्ति, पचास चांदी की अंगूठी, करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात और गल्ले में रखे करीब 2500 रुपये चोरी कर लिए।
चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने दुकान का शटर कटा देखा तो दुकानदार को सूचना दी। सूचना पर पवन कुमार मौके पर पहुंचे तो सामान गायब मिला। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


